हरियाणा में सुर्खियां बटोर रहा ऑडी कार वाला दूधिया, पहले हार्ले- डेविडसन से करता था दूध सप्लाई

फरीदाबाद | हरियाणा में ऑडी कार वाला मिल्क मैन खूब सुर्खियां बटोर रहा है. जी हां, फरीदाबाद (Faridabad) में एक 33 वर्षीय युवक 50 लाख रूपये की ऑडी कार से रोजाना कालोनियों में घर- घर तक दूध की सप्लाई कर रहा है. फरीदाबाद जिले के गांव मोहताबाद निवासी अमित भड़ाना ने बताया कि महंगी गाड़ियां चलाना उसका पैशन (जुनून) है. इसके लिए उसने बैंक की नौकरी भी छोड़ दी. अब वह अपने पिता का बिजनेस ज्वाइन कर अपने पैशन को फॉलो कर रहा है.

Man Selling Milk Faridabad

अभी खरीदी नई ऑडी

अमित भड़ाना ने बताया कि उसने 3 दिन पहले ही ऑडी A3 कैब्रियोलेट कार खरीदी है और अब वह इसी गाड़ी से फरीदाबाद की कालोनियों में दूध की सप्लाई कर रहा है. इससे पहले वह हार्ले- डेविडसन 750 बाइक से दूध बांटने का काम करता था. अमित ने बताया कि गर्मी ज्यादा होने के चलते बाईक से दूध ले जाना मुश्किल हो गया है. इसलिए लग्जरी कार खरीदी गई है. इसमें खुलने और बंद होने वाली छत हैं, जिसे मौसम के हिसाब से एडजस्ट किया जा सकता है.

बैंक की छोड़ी नौकरी

मिल्क मैन अमित ने बताया कि साल 2021 में कोविड काल के दौरान जब उन्होंने नौकरी छोड़ी, उस समय वह HDFC बैंक में मैनेजर की पोस्ट पर थे. उस नौकरी को छोड़ कर मैंने भाई के साथ फुल टाइम दूध की सप्लाई का काम शुरू कर दिया. अब मैं रोजाना अकेले 120 लीटर दूध की सप्लाई करता हूं. आज डेयरी में 32 गायें और 6 भैंसें हैं.

पिता ने कहा कि बेटा अमित बचपन से ही मेहनती रहा है. उसे शुरू से ही बाइक और गाड़ी का शौक रहा है. वह अपने शौक पूरे करने के लिए खर्चा भी अपनी ही कमाई से करता है. उसने यह गाड़ी भी अपनी ही आमदनी से खरीदी है. वह निरंतर मेहनत कर रहा है और अपने शौक पूरे कर रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.