फरीदाबाद | हरियाणा के NCR क्षेत्र में शामिल शहरों में सार्वजनिक परिवहन सेवा से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. शुक्रवार को फरीदाबाद पहुंचे केन्द्रीय उर्जा एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गुरुग्राम से रेवाड़ी के बावल तक नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट के निर्माण का शुभारंभ करने के बाद गुरुग्राम से वाया फरीदाबाद होते हुए नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत ट्रेन संचालन करने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा. इस प्रोजेक्ट को लेकर दिवाली के बाद बैठक होगी और 2026 में शिलान्यास किया जाएगा.

जल्द शुरू होगा काम
केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि गुरुग्राम से बावल और वाया फरीदाबाद होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. दिवाली के बाद इस प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा करते हुए अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद 2 महीने में प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्रिमंडल में भेजा जाएगा. वहां से मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट की लंबाई काफी अधिक होगी और 12- 14 किलोमीटर की दूरी पर एक स्टेशन बनेगा. दिल्ली के सराय काले खां से UP के मेरठ तक नमो भारत ट्रेन का संचालन हो रहा है. इसका विस्तार हरियाणा के करनाल तक किया जाएगा.
नियमों में किया बदलाव
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार ने मेट्रो विस्तार को लेकर नियमों में बदलाव कर दिया है. अब केवल 25 लाख की आबादी के आधार पर नहीं बल्कि फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर मेट्रो का विस्तार किया जाएगा. जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी वहां मेट्रो संचालन को प्राथमिकता दी जाएगी और लंबी दूरी के लिए नमो भारत ट्रेन संचालित की जाएगी.