अब 10 किलोमीटर दूर कॉलेज जाने वाले छात्रों को मिलेगा फ्री बस पास, हजारों विद्यार्थियों को होगा फायदा

फरीदाबाद | हरियाणा सरकार ने छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी घोषणा की है. अब फरीदाबाद सहित प्रदेश के अन्य जिलों में रहने वाले वे छात्र जो अपने घर से 10 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर स्थित महाविद्यालयों में पढ़ाई करने जाते हैं, उन्हें मुफ्त बस पास की सुविधा दी जाएगी. इस निर्णय का उद्देश्य छात्रों को सफर में हो रही आर्थिक परेशानी से राहत देना और उनकी शिक्षा को सरल बनाना है.

College Students

उच्च शिक्षा निदेशालय ने मांगा डाटा

इस योजना के तहत उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे विद्यार्थियों का डाटा एकत्रित कर भेजें, जो इस सुविधा के पात्र हैं. इसके आधार पर उन छात्रों को हर छह महीने पर यानी छमाही आधार पर बस पास जारी किए जाएंगे.यह सुविधा न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे हरियाणा राज्य के सरकारी और मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उपलब्ध होगी.

150 किलोमीटर तक कर सकेंगे सफर

छात्रों को यह सुविधा सिर्फ अपने कॉलेज तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे राज्य में 150 किलोमीटर की दूरी तक सफर कर सकते हैं. यह सुविधा हरियाणा रोडवेज के बसों में लागू होगी। जिन छात्रों के कॉलेज उनके घर से 10 किलोमीटर या उससे ज्यादा दूर हैं, उन्हें इस योजना का सबसे अधिक लाभ मिलेगा.

हर साल 10 हजार छात्र होंगे लाभान्वित

फरीदाबाद जिले में करीब 10,000 छात्र हर साल इस योजना का लाभ उठा सकेंगे. कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी होगी कि वे हर छह महीने पर पात्र विद्यार्थियों की सूची बनाकर संबंधित रोडवेज डिपो को भेजें. इसके साथ कॉलेज को अपनी मान्यता और संबद्धता से संबंधित प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां भी देनी होंगी. जांच के बाद ही डिपो के महाप्रबंधक या उनके द्वारा नियुक्त अधिकारी बस पास जारी करेंगे.

रियायती दर पर भी मिलेंगे बस पास

जो छात्र पूरी तरह से फ्री बस पास के पात्र नहीं हैं, उन्हें भी निराश होने की जरूरत नहीं है. ऐसे सभी विद्यार्थियों को रियायती दर पर बस पास उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई केवल सफर की समस्या के कारण प्रभावित न हो.

निदेशालय की ओर से कॉलेजों को यह निर्देश मिले हैं कि वे पात्र विद्यार्थियों की सूची बनाकर समय पर भेजें. खासतौर पर उन छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी जो 10 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी तय करके कॉलेज आते हैं- डॉ. सुनील, खेड़ी गुजरान महाविद्यालय के दाखिला संयोजक

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.