फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 7- 23 फरवरी तक सूरजकुंड मेले (Surajkund Mela 2025) का आयोजन होगा. इस मेले में जिन हस्तशिल्पियों को अपनी स्टॉल लगानी है, उनके लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं. हरियाणा टूरिज्म डिपार्टमेंट ने इसके लिए QR कोड जारी किया है. सूरजकुंड मेले की आधिकारिक वेबसाइट पर यह QR कोड उपलब्ध रहेगा.
डिजिटाइजेशन पर जोर
हरियाणा टूरिज्म डिपार्टमेंट ने सूरजकुंड मेले के डिजिटाइजेशन पर जोर दिया है, ताकि हस्तशिल्पियों व कलाकारों को स्टॉल अलॉट करने की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल तरीके से हो और इसमें पूरी पारदर्शिता बनी रहें. इसलिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं.
ऐसे करें आवेदन
हरियाणा टूरिज्म डिपार्टमेंट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर QR कोड को स्कैन करें. इसके बाद, ऑनलाइन ही स्टॉल अलॉट करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा और मंजूरी प्रदान की जाएगी. स्टॉल अलॉटमेंट में नेशनल अवॉर्ड प्राप्त हस्तशिल्पियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
ओडिशा- मध्य प्रदेश थीम स्टेट
सूरजकुंड मेले के नोडल अधिकारी यूएस भारद्वाज ने बताया कि स्टॉल अलॉट करने की प्रक्रिया डिजिटल तरीके से पूरी की जाएगी. उन्होंने बताया कि पिछली बार मेले में 1100 स्टॉल लगाई गई थीं, लेकिन इस बार 200 नई हट्स तैयार की जा रही हैं. इसके चलते मेले में स्टॉल की संख्या बढ़कर 1300 हो जाएंगी. वहीं, इस बार मेले में ओडिशा और मध्य प्रदेश दो राज्यों को थीम स्टेट बनाया गया है.
