फरीदाबाद | दिल्ली- NCR में सफर करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि स्मार्ट सिटी फरीदाबाद (Faridabad) से ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन करना आसान होने जा रहा है. यहां अगले महीने यानि मार्च से यमुना नदी पर बना मंझावली पुल शुरू हो जाएगा, जिससे इन दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले लोगों को राहत पहुंचेगी और उन्हें कई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा.
दोनों शहरों के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी
फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए 24 किलोमीटर लंबी परियोजना पर चल रहा कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. इस प्रोजेक्ट के तहत, गांव मंझावली में यमुना नदी पर 630 मीटर लंबे फोरलेन पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. पुल से फरीदाबाद को जोड़ने के लिए 20 किलोमीटर लंबी और उत्तर प्रदेश की सीमा में 4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया है. पुल से फरीदाबाद आने वाली सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम पूरा कर लिया गया है.
मंझावली, चिरसी में बाईपास सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है. नोएडा में अट्टा के पास नोएडा- ग्रेटर नोएडा से गुजर रहे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम जारी है. इसके मार्च तक पूरा करने का दावा किया गया है. इस पुल के शुरू होने से बड़े स्तर पर लोगों को राहत पहुंचेगी.
ट्रैफिक दबाव होगा कम
मंझावली पुल दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, जिससे दिल्ली- एनसीआर क्षेत्र के कई हिस्सों में ट्रैफिक दबाव कम करने में सफलता मिलेगी. स्थानीय व्यापारी और उद्योग इससे लाभान्वित होंगे, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना पैदा होगी.
इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. सबकुछ योजना के अनुसार, आगे बढ़ा तो मार्च के दूसरे सप्ताह में इस पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा- कार्यकारी अभियंता, प्रकाश लाल, लोक निर्माण विभाग
