फरीदाबाद वालों को जल्द मिलेगी AIIMS अस्पताल की सौगात, जानें कब से शुरू होगी ओपीडी

फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली AIIMS की ओर से फरीदाबाद बिल्लौच में नया अस्पताल बनाया जा रहा है, जिसके निर्माण कार्य को इस साल के आखिर तक पूरा कर लिया जाएगा. पहले इसका निर्माण कार्य पिछले महीने सितंबर में पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन किसी कारणवश नहीं हो पाया.

rewari AIIMS NEWS

जल्द शुरू होगी स्वास्थ्य सेवाएं

अस्पताल प्रबंधन ने निर्माण करने वाली कंपनी को 4 कमरों को जल्दी तैयार करने का आदेश दिया है, ताकि ग्रामीण इलाकों में लोगों को त्वरित प्रभाव से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें. बता दें कि एम्स की ओर से गांव फतेहपुर बिल्लौच की नौ एकड़ भूमि पर 15 बिस्तरों का अस्पताल बनाया जा रहा है. इसके लिए 20 करोड़ रुपए की बजट राशि को मंजूरी दी गई थी. सीपीडब्ल्यूडी को भवन निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

वर्तमान स्थिति की बात करें तो यहां 4 डाक्टरों के बैठने के लिए कमरें बनाए गए हैं और दो ओपीडी तैयार की गई है. फार्मेसी का अलग से कमरा बनाया गया है. अभी ढांचे पर प्लास्टर, खिड़की और शीशे लगाने का काम जारी है. इसके बाद, अस्पताल में उपकरण स्थापित किए जाएंगे. वहीं, यहां सेवाएं देने वाले डाक्टरों के लिए भी निवास स्थान बनाया जा रहा है.

बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं

लगभग 30 हजार की आबादी वाले फतेहपुर बिल्लौच की पहचान एक कस्बे के रूप में होती है और इतनी आबादी पर एक भी MBBS डाक्टर नहीं है. यदि रात के समय कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है, तो उसे बल्लभगढ़ या फिर फरीदाबाद के अस्पतालों में लेकर जाना पड़ता है. ऐसे में यहां AIIMS का अस्पताल बनने से न केवल फतेहपुर बिल्लौच की हजारों की आबादी, बल्कि आसपास के लढौली, पन्हैड़ा कलां, जवां, ककड़ीपुर, मांदकौल, शाहपुर कलां, डीग, प्रहलादपुर माजरा डीग के हजारों लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा. गर्भवती महिलाओं को भी डिलीवरी के लिए एंबुलेंस बुलाकर बादशाह खान या सेक्टर- 3 की रैफरल इकाई लेकर नहीं जाना पड़ेगा.

ग्रामीणों ने एम्स द्वारा अस्पताल बनाए जाने पर खुशी जताते हुए कहा है कि उन्हें अपने घर के नजदीक अच्छे डाक्टरों से इलाज की सुविधा मिलेगी. प्राइवेट अस्पतालों के महंगे खर्चे से उन्हें छुटकारा मिलेगा. एम्स दिल्ली अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देशभर में माना जाता है. ऐसा ही इलाज अब यहां पर मिलेगा, तो ग्रामीणों के लिए इससे बड़ी खुशी की बात और क्या होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.