फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरस मेला 2025 का आयोजन किया जा रहा है. शहर के सेक्टर 12 में 24 जनवरी से शुरू हुए इस मेले का समापन 6 फरवरी को होगा. मेले में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
खास बात यह है कि इन स्टॉल्स को महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है. यहाँ पर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री की जा रही है, जिनमें खाद्य पदार्थ, परिधान, घरेलू सजावट की वस्तुएं, खिलौने और रोजमर्रा के उपयोग के सामान शामिल हैं.
हर दिन हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सरस मेला की समृद्ध संस्कृति को भी दर्शा रहा है. मेले में हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. साथ ही, विभिन्न राज्यों के कल्चरल शो भी यहाँ आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. पूरे मेले परिसर में हरियाणा की पारंपरिक झलक देखने को मिलती है. इस मेले का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों में किया जाता है, लेकिन फरीदाबाद का मेला विशेष रूप से भव्य माना जाता है, क्योंकि यहाँ करीब 100 स्टॉल लगाए गए हैं.
प्रशासन की विशेष व्यवस्था
मेले में स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. जिला प्रशासन पूरे आयोजन पर कड़ी नजर बनाए हुए है. पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती से मेले में आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित माहौल मिल रहा है. प्रशासन भी मुस्तैद नज़र आ रहा है. मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है. इस मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग यहाँ पहुंच रहे हैं.
