फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद (Faridabad) के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. यहां शहर के नीलम रेलवे पुल पर ट्रैफिक जाम से बहुत जल्द छुटकारा मिलने जा रहा है. बता दें कि पीक आवर्स के दौरान यहां भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. पुल की दोनों लेन की सड़क की मरम्मत हो चुकी है, लेकिन फिर भी लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है. अब इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए इस पुल की साइड में स्लिप रोड बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है. यह काम नीलम चौक से हाईवे की ओर पुल पर उतरते समय बाईं ओर चल रहा है.
एसएसबी अस्पताल के सामने से सड़क को हाईवे से कनेक्ट किया जाएगा. इससे हाईवे पर गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों से छुटकारा मिल जाएगा. साथ ही, जो लोग इस पुल से ओल्ड फरीदाबाद जाना चाहते हैं, वह स्लिप रोड से होकर निकल जाएंगे, उन्हें ट्रैफिक सिग्नल पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा.
वन विभाग से मिली अनुमति
फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) द्वारा इस काम को किया जा रहा है. काम कई महीने पहले अलॉट हो चुका था, लेकिन इसके बीच में पेड़ रूकावट खड़ी कर रहे थे. अब इन पेड़ों को काटने की अनुमति वन विभाग से मिल चुकी है. इस स्लिप रोड का निर्माण नर्सरी के ठीक सामने हो रहा है.
पुल के नीचे से भी कनेक्टिविटी
नीलम रेलवे पुल के नीचे से भी कनेक्टिविटी के लिए सड़क निर्माण होगा. फिलहाल उस जगह अतिक्रमण हैं, जिसे HSVP द्वारा हटाया जाएगा. इस कनेक्टिविटी के बाद वाहन चालक एसएसबी अस्पताल के सामने से होते हुए पुल के नीचे से निकलकर सीधे रामा पैलेस की ओर पहुंच जाएंगे. इससे नीलम पुल और हाईवे पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
