फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के नागरिकों को आने वाले कुछ दिनों में पानी की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ने बायपास रोड पर 600 एमएम की पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया है, जिसके कारण कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित होगी. अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य 1 और 2 फरवरी को किया जाएगा, जिससे कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति में समस्याएं आ सकती हैं.
ट्यूबवेल से की जाएगी पानी की व्यवस्था
FMDA के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 600 एमएम डायमीटर की पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन वह मुख्य पाइपलाइन से जुड़ी नहीं थी. अब उसे मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा, जिसके कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी. प्रभावित क्षेत्रों में सेक्टर 9 से लेकर सेक्टर 11, शरण तालाब, डबुआ बूस्टर, जनता कॉलोनी, पार्वती बूस्टर, पुराना फरीदाबाद, एयरफोर्स स्टेशन जैसे इलाके शामिल हैं.
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों के निवासियों से अपील की है कि वे इन दो दिनों में पानी स्टोर कर लें, ताकि पानी की कमी के कारण उन्हें ज्यादा दिक्कत न हो. प्रशासन ने यह भी कहा है कि जिन इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी, वहां ट्यूबवेल के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अक्सर पानी की समस्या बनी रहती है.
