फरीदाबाद- दिल्ली के बीच ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, इस चौक पर बनेगी स्लिप रोड

फरीदाबाद | दिल्ली- NCR में वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां फरीदाबाद से दिल्ली की ओर आने वाले वाहन चालकों को अब कालिंदी कुंज चौक पर ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने की तैयारियां शुरू हो गई है. इस चौक पर स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा. इससे दिल्ली की ओर मुड़ने वाले वाहन चालकों को रेड लाइट पर ठहराव की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Traffic Jam

NHAI ने शुरू की तैयारियां

कालिंदी कुंज- फरीदाबाद रोड पर मुंबई- वडोदरा एक्सप्रेसवे बनने के बाद फरीदाबाद से दिल्ली और नोएडा जाने वाले वाहन चालक आसानी से अपना सफर तय कर रहे हैं, लेकिन कालिंदी कुंज चौक पर पहुंचते ही उन्हें ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. यहां पीक आवर्स के दौरान खासकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है. ट्रैफिक जाम के चलते बाई तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भी जगह नहीं मिलती और उन्हें भी ट्रैफिक जाम से रूबरू होना पड़ता है.

कालिंदी कुंज- फरीदाबाद रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को इस परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कालिंदी कुंज चौक पर स्लिप रोड बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है. इस रोड के निर्माण के बाद वाहनों को चौक पर ठहराव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यहां स्लिप रोड निर्माण के लिए मिट्टी डालकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम मुख्य सड़क से सटे हिस्से में किया जा रहा है. NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि स्लिप रोड निर्माण का मकसद कालिंदी कुंज चौक पर ट्रैफिक दबाव कम करने और वाहन चालकों के आवागमन को आसान बनाना है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली के लोगों को कालिंदी कुंज और मथुरा रोड के जाम से मिलेगी राहत, जल्द मिल सकती है नए एक्सप्रेसवे की सौगात

हजारों लोगों को मिलेगी राहत

कालिंदी कुंज- फरीदाबाद रोड से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन चालक दिल्ली के लिए आवाजाही करते हैं. खासकर नहर पार ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटियों में रहने वाले लोग कालकाजी, ओखला और तुगलकाबाद जाने के लिए इसी सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं. इसके अलावा दिल्ली के मीठापुर, जैतपुर, मोलड़बंद कालोनियों के लोग भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं.

फरीदाबाद से आने वाले वाहन चालक मीठापुर तक दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हैं और इसके बाद कालिंदी कुंज- फरीदाबाद रोड का इस्तेमाल करते हैं. एक्सप्रेसवे की वजह से पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण किया गया है और इसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है. ऐसे में वाहन चालकों को यहां कोई परेशानी नहीं होती है, लेकिन कालिंदी कुंज चौक पर पहुंचते ही ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. अब स्लिप रोड बनने पर बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.