फरीदाबाद के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, 71 लाख रुपए से सीमेंटेड बनेगी यह सड़क

फरीदाबाद | दिल्ली से सटे फरीदाबाद में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में मिल्क प्लांट रोड को नए सिरे से सीमेंटेड बनाया जाएगा. इसके निर्माण पर 71 लाख रुपए की धनराशि खर्च होगी. बल्लभगढ़ से BJP विधायक मूलचंद शर्मा ने सोमवार को नारियल फोड़कर इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू किया.

Mini Bypass Sadak Road Village Gaon

फरीदाबाद में इन इलाकों को मिलेगी राहत

इस सड़क मार्ग के सीमेंटेड बनने से भाटिया कॉलोनी, आर्य नगर, राव कालोनी, अहरीवाड़ा, कुंदन कालोनी, रघुबीर कॉलोनी, सेक्टर-2, प्रमुख शिक्षण संस्थान श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय महिला कॉलेज, अग्रवाल कॉलेज, DAV पब्लिक स्कूल, आर्य विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, रावल इंटरनेशनल स्कूल, गंगोत्री पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स और मिल्क प्लांट में आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को राहत पहुंचेगी. इन कालोनियों के लोग मिल्क प्लांट रोड के सीमेंटेड बनने के बाद 10 मिनट में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे.

दो साल पहले मिल्क प्लांट रोड पर सीवर लाइन डालने के लिए सड़क को तोड़ा गया था. दोबारा इसकी मरम्मत नहीं की गई. इस वजह से यहां से गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. लोगों को इस परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए विधायक मूलचंद शर्मा ने इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया.

मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता

विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि आर्य नगर में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसका जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा. उन्होंने तिरखा कालोनी, रघुबीर कालोनी और भाटिया कालोनी में जल्दी ही सीवर और पेयजलापूर्ति लाइन बिछाने की भी घोषणा की. विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कमी नहीं छोड़ी जाएगी. लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.