फरीदाबाद | हमारे देश में स्वाद के दीवानों की कोई कमी नहीं है. यही कारण है कि जब भी लोग बाजार में किसी काम से जाते हैं, तो वहां मिलने वाले स्थानीय व्यंजनों को जरूर चखते हैं. ऐसी ही एक दुकान हरियाणा के फरीदाबाद के NIT इलाके में स्थित है, जहां दिन भर में 600 से ज्यादा प्लेट समोसे बिक जाते हैं. इन समोसों की खासियत इनका अनोखा स्वाद और मसालों की शुद्धता है.
खास मसालों का करते इस्तेमाल
दुकान के मालिक संजय बताते हैं कि इस दुकान में बिकने वाले समोसों का स्वाद चखने के लिए दिल्ली- NCR के लोग भी आते हैं. वह बताते हैं कि इस दुकान की शुरुआत उनके पिताजी ने की थी. शुरुआत में यह एक छोटी सी दुकान थी, लेकिन अब इसने एक रेस्टोरेंट का रूप ले लिया है. खास तौर पर वह समोसे की स्टफिंग और मसाले की क्वालिटी पर ध्यान देते हैं. वह मसाले को खुद अपने हाथों से तैयार करते हैं और इनमें किसी प्रकार की मिलावट नहीं होती.
बाकियों से हटकर इनका स्वाद
यही कारण है कि इनका स्वाद बाकियों से हटकर होता है. यहां मिलने वाला समोसा स्वाद में कुरकुरा होता है और अंदर की स्टफिंग भी काफी लजीज होती है. इन समोसों को हरी मटर, खास मसाले और आलू के साथ तैयार किया जाता है. इसके अलावा, उनके साथ मिलने वाली तीखी और मीठी चटनी उसके स्वाद को और ज्यादा बढ़ा देती है. सुबह से शाम तक यहां ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है. दुकान खोलते ही लोग गरमा- गरम समोसों का स्वाद लेने के लिए पहुंच जाते हैं. खास तौर पर शाम के समय यहां ज्यादा भीड़ रहती है. यह समोसा ₹15 में एक दिया जाता है. एक बार अगर किसी ने यहां का समोसा खा लिया, तो वह दोबारा जरूर आता है.
