फरीदाबाद | दिल्ली- NCR में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में फरीदाबाद को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए मंझावली में यमुना नदी पर फोरलेन पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और हरियाणा की ओर से पुल से सटी करीब 1 किलोमीटर लंबी नई सड़क भी बना दी गई है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पुल पर जाने के लिए अभी तक अप्रोच रोड नही बन पाई है.
यहां फंसा पेंच
UP की साइड से मंझावली पुल पर जाने के लिए अप्रोच रोड का निर्माण कार्य इसलिए अधूरा पड़ा है कि ग्रेटर नोएडा के अट्टा गुजरान और जगनपुर गांव की जमीन अधिग्रहित नहीं हो पाई है. यहीं वजह है कि पुल बनने के बावजूद वाहन चालक इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं.
ऐसे में वाहन चालक कच्चे रास्ते से आवाजाही कर रहे हैं. असल में यह सरकारी रास्ता भी नहीं है, बल्कि लोगों ने इसे खुद बना लिया है. कई बार अनजान लोग पुल पार करके आगे निकल जाते हैं लेकिन जब सामने पक्की सड़क नही दिखती है, तो वापस लौटना पड़ता है. बारिश होने पर इस कच्चे रास्ते की हालत बहुत खराब हो जाती है. रास्ता दलदल में बदल जाता है और वाहन फंस जाते हैं.
हरियाणा की तरफ से काम पूरा
मंझावली गांव के लोगों ने बताया कि हरियाणा सरकार ने अपनी तरफ से यमुना नदी पर पुल का निर्माण कार्य पूरा कर दिया है और इसके दोनों ओर अप्रोच रोड भी बना दी गई है. अब केवल यूपी सरकार का काम बाकी है. ग्रेटर नोएडा की तरफ से लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होना है और इसके लिए करीब 7 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी.
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जमीन अधिग्रहण की प्रकिया शुरू हो चुकी है और मुआवजा राशि की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है लेकिन कुछ किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है. जिससे रजिस्ट्री का काम अधूरा पड़ा है और सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है. लोगों की मांग हैं कि सरकार जल्द से जल्द जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी करें ताकि यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग चालू हो सकें और दोनों राज्यों के लोगों को इसका लाभ मिल सके.
