फरीदाबाद | हरियाणा में फरीदाबाद की कालिंदीकुंज सड़क को फोरलेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है. इस सड़क मार्ग के जरिए फरीदाबाद जिले के लोगों को दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इस संबंध में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) के बीच MoU साइन हो गया है. इसके बाद, यूपी सिंचाई विभाग द्वारा सड़क निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे.
278 करोड़ रूपए होंगे खर्च
FMDA के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए दी जा रही सड़क के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा. जमीन पर मालिकाना हक यूपी सिंचाई विभाग का रहेगा और सड़क निर्माण पर होने वाले खर्च का वहन FMDA द्वारा किया जाएगा. अगले महीने से सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. इस प्रोजेक्ट पर 278 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से एक लाख से ज्यादा वाहन चालकों को राहत पहुंचेगी.
यहां से होगी फोरलेन सड़क
इस प्रोजेक्ट के तहत साहुपुरा चौक से पल्ला पुल तक 20 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण होगा. पल्ला पुल से यह सड़क दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा बन रही है, जो आगे कालिंदीकुंज तक जा रही है. इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इस सड़क मार्ग पर पेड़- पौधे व स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी. दोनों लेन की चौड़ाई 15 मीटर रहेगी.
इस सड़क मार्ग पर छह जगहों IMT, चंदावली, सेक्टर-8 बड़ौली, बीपीटीपी, खेड़ी कट व पल्ला पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. टू- लेन सड़क पर तारकोल की परत डाली जाएगी. सड़क की दोनों साइड जो खाली जगह पड़ी है, वहां नए सिरे से सड़क निर्माण किया जाएगा. वहीं, साहुपुरा के पास यह सड़क नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जाने वाले हाईवे से कनेक्ट की जाएगी.
