बल्लभगढ़ से NIT के बीच सफर होगा आसान, टू-लेन से फोरलेन बनेगा यह रेलवे ओवरब्रिज

फरीदाबाद | हरियाणा के बल्लभगढ़ से NIT के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बहुत जल्द राहत मिलने जा रही है. बता दें कि बल्लभगढ़ से एनआईटी को जोड़ने वाले रेलवे ओवरब्रिज को टू- लेन से फोरलेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है. इसके निर्माण में आने वाली जमीन की रूकावट को हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल निर्माण निगम (HSRBDC) को दूर कर लिया है. नए साल पर भूमि की रजिस्ट्री कर इसकी निविदा आमंत्रित कर दी जाएगी और जनवरी महीने में इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

Highway Road 3

लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

वर्तमान में NIT से बल्लभगढ़ के बीच आवागमन के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक सोहना रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हैं. बड़ी संख्या में यहां से वाहनों की आवाजाही के चलते यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. 5 मिनट के सफर को पूरा करने में लोगों का आधा घंटे का समय व्यर्थ हो जाता है. हालत यह है कि जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक नीलम-अजरौंदा और बाटा रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में यहां भी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

पूर्व मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा

आमजन को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए साल, 2016 में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सोहना रेलवे ओवरब्रिज को टू-लेन से फोरलेन बनाने की घोषणा की थी. हालांकि, सालों से यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चल रहा था क्योंकि HSRBDC को करीब एक एकड़ जमीन की आवश्यकता थी. यह जमीन कुछ औद्योगिक कंपनियों के नाम थी.

अब HSRBDC ने इस अड़चन को दूर करते हुए इन औद्योगिक कंपनियों से सीधे जमीन खरीदकर सहमति बना ली है. HSRBDC के अधिकारियों ने मंगलवार को एसडीएम के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटवाने और भूमि की रजिस्ट्री के लिए अपने कागज पेश कर दिए हैं. अब अतिक्रमण हटवाकर जनवरी के पहले सप्ताह तक भूमि की रजिस्ट्री कराई जाएगी.

65 करोड़ रूपए आएगी लागत

इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा करने पर 65 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इस रेलवे ओवरब्रिज के सहारे एनआईटी का बड़ा क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है. काम शुरू होने पर इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा कर लिया जाएगा.

सोहना रेलवे ओवरब्रिज फोरलेन बनने पर बाटा रेलवे ओवरब्रिज और नीलम- अजराैंदा रेलवे ओवरब्रिज से ट्रैफिक दबाव कम होगा. लोग राजीव कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर- 24, 25, सेक्टर- 22, 23, सेक्टर- 25 व आसपास की कई कॉलोनियों के लोग राष्ट्रीय राजमार्ग से बल्लभगढ़, पलवल की ओर आसानी से और कम समय में सफ़र तय कर सकेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.