फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद के 1 दर्जन से ज्यादा इलाकों के लोगों को पेयजल किल्लत से छुटकारा मिलने जा रहा है. बता दें कि फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) द्वारा गांव गाजीपुर और बाजरी में 5 हजार लीटर क्षमता के दो भूमिगत जल टैंक बनाएं जाएंगे और इन्हें रानीवेल लाइनों के साथ जोड़ा जाएगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर जीवन नगर, गाजीपुर, डबुआ और बाजरी सहित आसपास के 15 से ज्यादा इलाकों के लोगों को गर्मी सीजन में पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति मिलेगी.
ट्यूबवेल के खारे पानी से मिलेगा छुटकारा
पिछले कुछ सालों से इन इलाकों के लोग जलापूर्ति के लिए ट्यूबवेल पर निर्भर है. ट्यूबवेल का पानी खारा है जिसकी वजह से कई लोग पत्थरी सहित पेट की कई अन्य बीमारियों का शिकार बन चुके हैं. नगर निगम की ओर से इस समस्या के समाधान हेतु कोई प्रयास नहीं किए जा रहे थे और लोगों को अपने निजी खर्चे पर पानी के प्राइवेट टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं.
अब नगर निगम और FMDA ने साथ मिलकर इस योजना का खाका तैयार करते हुए गांजी और नगंला क्षेत्र में 5 हजार लीटर पानी की क्षमता के दो विशाल टैंक तैयार करवाएं जाएंगे. इन टैंकों में पानी की बूस्टिंग के लिए आधुनिक मशीनें लगाई जाएगी, ताकि दूरदराज क्षेत्रों तक पानी को आसानी से पहुंचाया जा सके. टैंकों में पानी को दूषित होने से बचाने के लिए दवाइयां डाली जाएगी. इसके लिए बिजली के उप- स्टेशन भी बनाएं जाएंगे. इसके साथ ही, डीजल आधारित जेनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी.
3 महीने में पूरा होगा काम
पर्वतीय कॉलोनी के अटल चौक से केडी स्कूल के पास वाटर सप्लाई की लाइनें बिछाने की योजना तैयार की गई है. इससे क्षेत्रों में फौरी तोर पर पानी की पूर्ति हो सकेगी. इंजीनियर विभाग की टीम को जमीन का माप, मिट्टी की गुणवत्ता के साथ भूजल की जांच करने के लिए नियुक्त किया गया है, ताकि भूमिगत जल के जलाशयों के निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. 3 महीने के भीतर इन वाटर टैंकों का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
