फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 7 फरवरी से 23 फरवरी के मध्य 38वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले (Surajkund Mela) का आयोजन किया जाएगा. इसकी टिकट अब मेट्रो स्टेशन पर भी दी जाएगी. इसके अलावा, दिल्ली सारथी मोबाइल ऐप से भी इन्हें खरीदा जा सकेगा. शुक्रवार को इस बारे में हरियाणा पर्यटन निगम और DMRC के साथ MOU पर हस्ताक्षर किए गए. मेले की शुरुआत से 10 दिन पहले ही मोबाइल ऐप से टिकट खरीदे जा सकेंगे. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन मेले के गेट पर अलग से टिकट काउंटर भी लगाएगा.
पर्यटन विभाग ने कसी कमर
अबकी बार मेले को पूरी तरह से भव्य बनाने की तैयारी की गई है. इसे पूरी तरह से डिजिटलाइज्ड किया जाएगा. पर्यटन निगम ने भी इसके लिए कमर कस ली है. शहर के अतिरिक्त, उपायुक्त सह- जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी साहिल गुप्ता को मेला प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई है.
दिल्ली मेट्रो रेलवे से हुए समझौते के तहत मेट्रो के अंदर, स्टेशन पर मेले को लेकर अनाउंसमेंट की जाएगी. साथ ही, पैसेंजर इनफॉरमेशन डिस्प्ले सिस्टम पर स्क्रोलिंग संदेश भी फ्लैश किया जाएगा. मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए भी डीएमआरसी सहयोग करेगा. पार्किंग की जिम्मेदारी डीएमआरसी को सौपी गई है. मेले में आने वाले लोगों को 24 घंटे पार्किंग की सुविधा दी जाएगी.
थीम राज्य के लिए भेजा MP और राजस्थान को प्रस्ताव
सूरजकुंड मेले का थीम राज्य कौन सा होगा इस बारे में अभी निर्णय नहीं हो पाया है, अनुमान है कि शनिवार तक इस बारे में निर्णय ले लिया जाएगा. हालांकि, हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा सूरजकुंड मेले का थीम राज्य बनने के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश को प्रस्ताव भेजा गया है. इस बार बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्री लंका, थाईलैंड को मेले का कंट्री पार्टनर और पूर्वोत्तर को सांस्कृतिक राज्य बनाया गया है. मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा का भी कड़ा ध्यान किया जाएगा. इसके लिए मेले परिसर में 2000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. परिसर में गोबर और मिट्टी की लिपाई और साफ- सफाई का काम भी पूरा हो चुका है.
