फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले (Fatehabad District) में प्रदेश की पहली बालिका पंचायत चुनी गई है. यहां गांव बरसीन में कक्षा 12वीं की छात्रा अस्तुति कंबोज इस बालिका पंचायत की सरपंच बनी है. बालिका पंचायत की सरपंच बनने के लिए 12 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था. इसमें अस्तुति कंबोज को 22 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर साक्षी और अनुसिखा रहीं, जिन्हें संयुक्त रुप से 19- 19 वोट हासिल हुए.

5 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचित हुई पंच
बालिका पंचायत के तहत पंच के लिए 9 वार्डों में चुनाव हुए. जिनमें से 5 वार्डों में निर्विरोध पंच चुनी गई जबकि 4 वार्डों के लिए चुनाव हुआ. गांव बरसीन में बनी इस बालिका पंचायत चुनाव के लिए गांव की 185 बेटियों को वोट डालना था. इन वोटर्स में 11 से 21 साल की बेटियां शामिल रही. इस चुनाव के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए जिला परिषद की ओर से चुनाव अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी.
यह कार्य करेगी बालिका पंचायत
जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ ने बताया कि बालिका पंचायत के जरिए बेटियों को कम्युनिटी गवर्नमेंट में भागीदारी का अवसर दिया जाएगा. इससे इन बेटियों में नेतृत्व, जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का विकास होगा. पंचायत शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता और लैंगिक समानता जैसे मुद्दों पर यह बालिका पंचायत काम करेगी.
उन्होंने आगे बताया कि बालिका पंचायत ग्राम पंचायत के साथ समन्वय में कार्य करेगी और उसकी बैठकों में शामिल होगी. बालिका पंचायत के सदस्यों को शासन, नेतृत्व और सामाजिक मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा.