सैनिक स्कूल खारा- खेड़ी के खिलाड़ियों ने गाढ़ दिया लठ्ठ, फुटबॉल चैंपियनशिप जीतकर बढ़ाया हरियाणा का गौरव

फतेहाबाद | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां फतेहाबाद जिले में स्थित सैनिक स्कूल खारा- खेड़ी ने अंतर सैनिक स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल में स्थित सैनिक स्कूल खारा- खेड़ी की टीम ने सैनिक स्कूल सुजानपुर (हिमाचल प्रदेश) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल्स फुटबॉल टूर्नामेंट (ग्रुप A) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समग्र रूप से चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.

Sainik school 1 1

शानदार प्रदर्शन से लूटी महफिल

U- 15 बालक वर्ग में विद्यालय की टीम ने सैनिक स्कूल नगरोटा (जम्मू- कश्मीर) को 2-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की. वहीं, U- 17 बालिका वर्ग में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया. उन्हें मेजबान टीम सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा (हिमाचल प्रदेश) से 3- 0 से हार का सामना करना पड़ा और टीम उप विजेता ट्रॉफी की हकदार बनी. U- 17 बालक वर्ग में विद्यालय की टीम ने सैनिक स्कूल कपूरथला (पंजाब) को 3- 2 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.

इस टूर्नामेंट में U- 15 बालक वर्ग में स्कूल कैडेट माधवेंद्र सिंह को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

गर्मजोशी से किया स्वागत

इस शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय परिसर में तीनों टीमों के आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया. स्कूल निदेशिका डॉ. ज्योत्स्ना, स्कूल प्रशासक श्री विक्रमादित्य, कमांडेंट कर्नल (डॉ.) डी.वी. नेहरा (से. नि.), समस्त अध्यापक गण एवं स्कूल कैडेट्स द्वारा टीमों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया. सभी खिलाड़ियों एवं उनके कोच सूबेदार विश्व मोहन (से. नि.) एवं श्री मैक्स मेइती का विद्यालय प्रबंधन द्वारा माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा कैडेट्स ने पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

यह भी पढ़े -  दुनिया का नंबर- 1 पहलवान बना हरियाणा का छोरा, कुश्ती किंग बनकर हासिल की बड़ी उपलब्धि

इस अवसर पर स्कूल चैयरमेन डॉ. युद्धवीर सिंह ने खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऑल इंडिया सैनिक स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में तीनों टीमों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और टीम भावना की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों एवं कोचों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.