फतेहाबाद | फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर है. न्यूक्लियर पावर प्लांट गोरखपुर के सामाजिक सरोकार प्रोजेक्ट के तहत राजकीय महाविद्यालय भूना में एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब 7 करोड़ 30 हजार रुपए का टेंडर लगाया गया है. इससे लंबे समय से बेहतर खेल सुविधाओं का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधा मिलने की उम्मीद है. सामाजिक सरोकार प्रोजेक्ट गोरखपुर के चेयरमैन अनिल जाखड़ ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय में एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

टेंडर करीब 10 दिन में खोला जाएगा. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग तीन महीने में निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ होने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि परियोजना पर 7 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी.
मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलशन हंस, जोशी खट्टर, मुकेश सिंगला और नरेंद्र बागड़ी ने कहा कि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के प्रयासों से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के माध्यम से क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिली है. स्टेडियम बनने के बाद भूना और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय की शुरुआत भी सुभाष बराला के नेतृत्व में हुई थी. अब कॉलेज परिसर में एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है.
लंबे समय से मांग
नगरपालिका चेयरपर्सन अर्पणा पसरीजा और प्रतिनिधि पंकज पसरीजा ने बताया कि भूना में लंबे समय से फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए उचित स्टेडियम का अभाव था. नगरपालिका की ओर से प्रस्ताव पारित कर न्यूक्लियर पावर प्लांट के सामाजिक सरोकार प्रोजेक्ट के अधिकारियों के सामने स्टेडियम बनाने की मांग रखी गई थी. मांग को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है. अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू किया जाएगा. स्टेडियम तैयार होने के बाद क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा.