नई दिल्ली | साईबर सिटी गुरुग्राम से दिल्ली के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) के दिल्ली वाले हिस्से का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है. सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से दोनों सुरंगों (टनल) की जांच शुरू कर दी गई है. फायर फाइटिंग एवं लाइटिंग सिस्टम से लेकर साइन बोर्ड तक की जांच की जा रही है. इस महीने के भीतर हर स्तर पर जांच पूरी कर ली जाएगी. इस हिस्से पर वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दिखा दी जाएगी.
9 हजार करोड़ का एक्सप्रेसवे
द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) से काफी हद तक ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. यह एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम में खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक से लेकर दिल्ली के महिपालपुर में शिवमूर्ति के सामने तक बनाया गया है. इसके निर्माण पर लगभग 9 हजार करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च हुई है.
द्वारका एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से और बेहतर गुणवत्ता से परिपूर्ण हो, इसके लिए 2 अलग- अलग कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी. गुरुग्राम हिस्से का निर्माण कार्य पिछले साल ही पूरा कर लिया गया था और इसपर वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है, जबकि दिल्ली हिस्से में ट्रैफिक के दबाव की वजह से सुरंगों के निर्माण में समय लग गया. अब दिल्ली वाले हिस्से में दोनों सुरंगें न केवल पूरी तरह तैयार हो चुकी है, बल्कि चालू करने से पहले उनकी सुरक्षात्मक जांच शुरू कर दी गई है.
30 मिनट में पालम एयरपोर्ट
दिल्ली वाले हिस्से में एक सुरंग का निर्माण द्वारका से लेकर NH- 48 के नजदीक तक किया गया है, जबकि दूसरी सुरंग का निर्माण महिपालपुर में शिवमूर्ति के नजदीक से पालम एयरपोर्ट तक किया गया है. आग पर त्वरित प्रभाव से काबू पाने के लिए दोनों सुरंगों में हाई प्रेशर वाटर मिस्ट फायर सिस्टम विकसित किया गया है.
द्वारका एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने पर अब मानेसर से पालम एयरपोर्ट तक पहुंचने में ज्यादा से ज्यादा आधे घंटे का समय लगेगा जबकि पहले औसतन डेढ़ से 2 घंटे तक का समय लगता था. द्वारका एक्सप्रेसवे से जाने वाले वाहन शिवमूर्ति के नजदीक से अंदर ही अंदर यानि सुरंग से होते हुए सीधे एयरपोर्ट पर पहुंच जाएंगे. जिसमें ज्यादा से ज्यादा 5 मिनट का समय लगेगा.
वर्तमान में इस 5 मिनट के सफर को पूरा करने में एक घंटे तक का समय लग जाता है. NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली भाग तैयार हो चुका है और चालू करने से पहले टेस्टिंग जरूरी है. टेस्टिंग शुरू हो चुकी है.
