खुशखबरी: द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनेगा यू- टर्न फ्लाईओवर, इन सेक्टरों के लोगों को टोल टैक्स से मिलेगा छुटकारा

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम इलाके के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुगम बनाने के लिए बिजवासन टोल प्लाजा के पास यू- टर्न फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी.

Dwarka

द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनेगा यू- टर्न फ्लाईओवर

द्वारका एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 28.4 किमी है. इस एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल प्लाजा 9 नवम्बर को शुरू हुआ था. टोल प्लाजा पर यू- टर्न की कोई सुविधा नहीं है, जिसके कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है और टोल का अधिक भुगतान करना पड़ता है. कई बार लोगों को सर्विस रोड से गलत दिशा में वाहन मोड़ने का जोखिम उठाना पड़ता है जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है. नया फ्लाईओवर बनने के बाद यह समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है.

इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा

द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास बसे सेक्टर 106 से 115 तथा साईं कुंज, बजघेड़ा, चंदन विहार, पालम विहार, न्यू पालम विहार, चौमा, प्रकाशपुरी जोन, बाबूपुर, निहाल कॉलोनी, जहाजगढ़ आदि कॉलोनीवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा क्योंकि यू- टर्न न होने के कारण इनको अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. रोजाना ऑफिस और व्यवसाय के लिए आने- जाने वाले हजारों लोगों का समय बचेगा और ट्रैफिक दबाव भी कम होगा.

यह भी पढ़े -  फरीदाबाद- गुरुग्राम के बीच आवागमन बनेगा आसान, इस रूट से होते हुए बनेगी एक और नई सड़क

योजना के तहत, टोल प्लाजा से पहले तीन लेन का यू- टर्न फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इसके लिए पहले यातायात सर्वे किया जाएगा. इसके बाद, जमीन अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी. परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.