गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली- जयपुर हाईवे (NH- 48) के गुरुग्राम हिस्से में ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की रणनीति बनाई गई है. इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त डॉ. राजेश मोहन ने नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर बड़ा फैसला लिया है.
इन जगहों पर लगाए गए कैमरे
दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालो पर कड़ी नजर रखने के लिए 6 जगहों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों से ओवर स्पीड, बिना सीट बेल्ट व हेल्मेट, ट्रिपल राइडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लेन चेंज जैसे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के चालान काटे जाएंगे.
इन कैमरों की मदद से सड़क हादसों की खबर तुरंत प्रभाव से मिल सकेगी. यदि बीच सड़क कोई वाहन खराब हो जाता है और उससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, तो इसकी जानकारी भी तत्काल मिल सकेगी. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे NH- 48 पर निर्धारित स्पीड से वाहन संचालित करें और प्रतिबंधित वाहनों को हाइवे पर न दौड़ाएं.
द्वारका एक्सप्रेसवे पर लग चुके कैमरे
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत चालान किए जाएंगे. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहले से ही ANPR कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालो के चालान काटने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
