गुरुग्राम की काव्या ने समुद्र की ऊंची लहरों को चीरते हुए बनाया नया रिकॉर्ड, जेली फिश के हमले भी नहीं तोड़ पाए हौसला

गुरुग्राम | कहते हैं कि ऊंचे हौसलों से ही उड़ान होती है. इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है, गुरुग्राम की महिला तैराक काम्या भारद्वाज ने जिन्होंने समुद्र में 58 किलोमीटर की दूरी मात्र 18.15 घंटे में तैरकर तय करते हुए एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 19.20 घंटे का त्रिपुरा की सुचेता दास बर्मन के नाम था.

Kamya Gurugram

काव्या के नाम नया रिकॉर्ड

दिल्ली विश्वविद्यालय दयाल सिंह कालेज की छात्रा काम्या ने बताया कि उन्होंने ओपन वाटर स्विमिंग अकादमी तैनी के नेतृत्व में 12 अप्रैल को दोपहर 01.30 बजे भारत के धनुष्कोडी-समुद्र क्षेत्र से श्रीलंका के थलाईमन्नार पर पहुंचने के लिए तैराकी शुरू की थी. थलाईमन्नार पहुंचकर काम्या ने फिर वहां से वापसी करते हुए धनुष्कोडी पर अपनी तैराकी 13 अप्रैल सुबह 7.45 बजे समाप्त की. 29 किलोमीटर तैराकी बिना कोई आराम किए उन्होंने एक तरफ पूरी की.

यह चुनौती आई सामने

उन्होंने बताया कि तैराकी समुद्र के उसी हिस्से में होती है जहां समुद्र शांत होता है और ऊंची लहरें नहीं होती है. काम्या ने बताया कि रात को श्रीलंका से भारत वापस लौटते समय समुद्र की ऊंची लहरों ने मुश्किलें खड़ी कर दी थी. उनके लिए यह कल्पना से बाहर था क्योंकि जिनके नेतृत्व में तैराकी की जा रही थी, उन एक्सपर्ट्स का भी कहना था कि समुद्र में इस समय लहरें नहीं होती है. इस दौरान एक पल के लिए उन्हें लगा कि लहरों के चलते उनका लक्ष्य समय पर हासिल नहीं होगा क्योंकि वह कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच कर नया कीर्तिमान स्थापित करना चाहती थी.

यह भी पढ़े -  दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा गुरुग्राम का यह इलाका, 7 करोड़ से लगेगी 5 हजार स्ट्रीट लाइटें

एक्सपर्ट्स ने भी कहा कि ऊंची लहरों की वजह से समुद्र में तैरना आसान नहीं होगा इसलिए नाव पर आ जाए लेकिन उन्होंने उनकी बात को अनसुना करते हुए अपने टारगेट पर फोकस रखा और समुद्र की ऊंची लहरों को चीरते हुए एक नया रिकॉर्ड स्थापित करने में कामयाब रही. इसकी उन्हें अपार खुशी है.

जेली फिश ने दिया घाव

समुद्र में तैरने के दौरान जेली फिश ने उन्हें बहुत परेशान किया. हालांकि, उन्होंने इससे बचाव हेतु ऐसे कैमिकल (दवा) का प्रयोग किया था जिससे जेली फिश उनके शरीर पर चिपके व डंक ना मारे लेकिन कई जेली फिश उनके शरीर को चिपक गई थी, जिस कारण उन्हें दर्द में तैरते रहना पड़ा. उन्होंने तमाम चुनौतियों के बावजूद भी अपने लक्ष्य को हासिल कर दिखाया और इसकी खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.