चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन लिमिटेड (HMRTC) के बोर्ड की बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें गुरुग्राम से फरीदाबाद, बल्लभगढ़ से पलवल और नई दिल्ली AIIMS से राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, बाढ़सा तक मेट्रो परियोजनाओं पर गंभीरता से काम करने पर विचार किया गया.
गुरुग्राम के लिए वरदान साबित होगी मेट्रो
चंडीगढ़ में हुई HMRTC की बैठक में गुरुग्राम के सेक्टर- 56 से पंचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के इस महीने के आखिर तक पूरा होने की बात कही गई है. 36 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो लाइन पर 28 जगहों पर स्टेशन बनेंगे. इसको रैपिड मेट्रो से भी जोड़े जाने का प्रस्ताव है. राइट्स लिमिटेड ने रूट और ट्रांसपोर्ट सिस्टम प्लान को अंतिम रूप दे दिया है.
इस प्रस्तावित मार्ग पर यात्रियों की संख्या, भविष्य का जनसंख्या घनत्व, एम्पलॉयमेंट हब, आवासीय क्षेत्र और यातायात पैटर्न सहित विभिन्न कारकों का अध्ययन अभी किया जा रहा है. सेक्टर 56- पंचगांव मेट्रो लाइन गुरुग्राम के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी. यह शहर को जाममुक्त करने और आबादी के एक बड़े हिस्से को आरामदायक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका अदा करेगी.
गुरुग्राम- फरीदाबाद के बीच मेट्रो चलाने की योजना
HMRTC की बैठक में गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच एक और मेट्रो लाइन की योजना पर चर्चा हुई है. दोनों शहरों के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए व्यवहार्यता अध्ययन की समीक्षा की जा रही है. इसके अलावा, नई दिल्ली से एम्स और जिला झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान बाढ़सा तक मेट्रो कनेक्टिविटी परियोजना के लिए राइडरशिप असेसमेंट कराने का फैसला भी कॉर्पोरेशन ने लिया है. यह काम राइट्स लिमिटेड को सौंपा गया है. इस रूट की अंतिम राइडरशिप मूल्यांकन रिपोर्ट 30 सितंबर तक आने की संभावना है.
बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो लाइन के विस्तार में तेजी
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन टीवीएन प्रसाद ने बोर्ड की बैठक में बताया कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो लाइन के विस्तार में तेजी लाई जा रही है. राइट्स लिमिटेड ने तकनीकी- व्यवहार्यता अध्ययन के बाद अपनी मसौदा रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है. अंतिम रिपोर्ट और व्यवहार्यता अध्ययन सितंबर तक मिल जाने की उम्मीद है.
