गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) में उच्चतर शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस शैक्षणिक सत्र से शहर के 4 राजकीय महाविद्यालयों में कुछ नए कोर्सेज को मंजूरी प्रदान की है.
किस कॉलेज में शुरू होगा कौन सा कोर्स?
- उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी लेटर के अनुसार, रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में मास्टर ऑफ आर्ट्स- ज्योग्राफी, एमसीए, मास्टर ऑफ साइंस- केमेस्ट्री, बैचलर ऑफ आर्ट्स विद मेजर इन मैथ्मैटिक्स, बैचलर ऑफ आर्ट्स विद मेजर इन सोशयोलाजी और राजकीय महाविद्यालय सुल्तानपुर (फरुखनगर) में बैचलर ऑफ ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट कोर्स शुरू हुआ है.
- सेक्टर- 52 स्थित राजकीय महाविद्यालय में बैचलर ऑफ आर्ट्स विद मेजर इन इंग्लिश, मास्टर ऑफ आर्ट्स- इकोनामिक्स और सेक्टर-14 स्थित महाविद्यालय में बैचलर ऑफ साइंस विद मेजर इन केमेस्ट्री और बैचलर ऑफ साइंस विद मेजर इन फिजिक्स कोर्स की शुरुआत की गई है.
- सेक्टर- 9 स्थित राजकीय कालेज में बैचलर ऑफ आर्ट्स फिजिकल एजुकेशन और मैथ्मैटिक्स और राजकीय महाविद्यालय सुल्तानपुर (फरुखनगर) में बैचलर ऑफ आर्ट्स साइकोलाजी विषय की शुरुआत की गई है.
दाखिले के ऑनलाइन करें आवेदन
सेक्टर- 14 स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र मलिक ने बताया कि महाविद्यालय में केमिस्ट्री आनर्स और फिजिक्स आनर्स 2 नए पाठ्यक्रम शुरू हो रहे हैं. विभाग ने दोनों कोर्सों को मंजूरी प्रदान कर दी है. शहर भर में मात्र हमारे महाविद्यालय में यह दोनों कोर्स संचालित हो रहे हैं. स्टूडेंट्स इन कोर्सों में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
