गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से रोजाना गुरुग्राम के लिए आवागमन करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है.

नए अंडरपास से मिलेगा तगड़ा फायदा
इस रूट पर वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सड़क मार्ग को सिग्नल फ्री बनाने की योजना बनाई गई है और इसके लिए एक नए अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है. इस परियोजना के पूरा होने पर वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और उनके सफर में लगने वाला 1 घंटे से ज्यादा का समय घटकर मात्र 15 मिनट रह जाएगा.
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने गुरुग्राम में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी परियोजना के लिए करीब 150 मीटर लंबे अंडरपास निर्माण को मंजूरी प्रदान की है. इस अंडरपास को सीधे द्वारका एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी दी जाएगी जिससे वाहन बिना ट्रैफिक जाम में फंसे गुरुग्राम पहुंच सकेंगे. इस अंडरपास निर्माण से सर्विस लेन पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
ट्रैफिक संचालन को और बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम- पटौदी रोड की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. भविष्य को ध्यान में रखते हुए मेट्रो विस्तार, इलेक्ट्रिक बस सेवा, साइकिल ट्रैक और पैदल चलने के लिए विशेष रोड भी बनाए जाएंगे.
सिग्नल फ्री कॉरिडोर का होगा निर्माण
केंद्र सरकार भी दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए सिग्नल फ्री कॉरिडोर निर्माण की योजना पर काम कर रही है. महरौली- गुरुग्राम रोड और आश्रम- बदरपुर जैसी बिजी सड़कों पर फ्लाईओवर और इंटरचेंज बनाए जाएंगे. खास तौर पर इफको चौक पर मल्टी- लेवल इंटरचेंज निर्माण से ट्रैफिक बिना रूके आगे बढ़ सकेगा. इससे ट्रैफिक जाम से राहत के साथ ही यात्रा में लगने वाले समय में गिरावट देखने को मिलेगी.