गुरुग्राम | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. एक लंबे अर्से के बाद प्रदेश सरकार (Haryana Govt) ने सोहना- दमदमा- रिठोज रोड की सुध ली है और अब 13 करोड़ रुपए की लागत से इसे चकाचक किया जाएगा. वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. जगह- जगह गड्ढे होने के चलते लोग हिचकोले खाते हुए अपने सफर को पूरा कर रहे हैं. खासकर टू- व्हीलर्स वाहन चालकों के लिए हर वक्त दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है.
10 गांवों की आबादी को मिलेगी राहत
लंबे अर्से से इस सड़क मार्ग की मरम्मत नहीं की गई है. इस सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर अनेकों बार स्थानीय लोग प्रदेश सरकार से फरियाद कर चुके हैं. सरकार द्वारा इस रोड के विस्तार की घोषणा की गई थी, लेकिन विस्तार की बात तो दूर, मरम्मत के ऊपर भी ध्यान नहीं दिया गया. अब जिला प्रशासन ने इस सड़क मार्ग की हालत सुधारने की सुध ली है.
सोहना- दमदमा- रिठोज लिंक रोड हैं, जो सोहना शहर से लेकर भोंडसी गांव तक 10 गांवों को जोड़ता है. इस सड़क मार्ग पर 5 सितारा होटल, दमदमा पर्यटक स्थल, इंदिरा गांधी चाइल्ड हालीडे, भोंडसी जेल ही नहीं कई नामचीन हस्तियों के फार्म हाउस, स्कूल एवं बैंक भी है. इसके चलते यहां ट्रैफिक दबाव बहुत अधिक रहता है. दमदमा पर्यटन स्थल के मैनेजर ने कहा कि इस सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति के चलते यहां पर्यटक नहीं पहुंचते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी हो रहा है.
कई गांवों का आवागमन बनेगा आसान
दमदमा के पूर्व सरपंच ने बताया कि जहां तक याद है, कई सालों से इस रोड की मरम्मत तक नहीं की गई है. अब हालत यह है कि कई जगह रोड का अस्तित्व ही नजर नहीं आता है. पिछले साल इस रोड की दुर्दशा को लेकर इलाके के लोगों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अवगत कराया था और अब जाकर प्रशासन ने सुध ली है. इस सड़क मार्ग के बनने से एक दर्जन गांवों के लोगों की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो जाएगी.
क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाले सभी लिंक रोड चकाचक होंगे. ग्रामीण इलाके में विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. जो प्रस्तावित योजनाएं हैं उन पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा. सोहना- दमदमा रोड पर 13 करोड़ खर्च होंगे. इसके अलावा, कई अन्य सड़कों के ऊपर जल्द काम शुरू किया जाएगा. चहुंमुखी विकास कराना उनकी प्राथमिकता है- तेजपाल तंवर, बीजेपी विधायक, सोहना
