गुरुग्राम | देशभर में रियल एस्टेट सेक्टर में जितनी बूम देखने को मिल रही है, उतनी शायद ही किसी सेक्टर में देखने को मिल रही है. देश के अलग- अलग इलाकों में आए दिन नई परियोजनाओं का उद्घाटन, शिल्यान्यास या ऐलान हो रहा है, जिसके चलते वहां के आसपास के इलाकों की जमीनों के रेट आसमान छू रहे हैं. इसी क्रम में हरियाणा का गुरुग्राम जिला (Gurugram District) भी पीछे नहीं है. यहाँ की जमीनों के रेट आजकल आसमान छू रहे हैं. ऐसा यहाँ पर शुरू हो रही परियोजनाओं के चलते हो रहा है.
रिपोर्ट में हुआ खुलासा
वैसे तो देश के 8 प्रमुख शहरों- दिल्ली- NCR, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे और अहमदाबाद में घरों की कीमतों में सबसे ज्यादा सालाना बढ़ोतरी हो रही है. इनमें से सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दिल्ली- एनसीआर क्षेत्र में दर्ज की गई है. इस बात का खुलासा CREDAI, कोलियर्स और लायसेस फोरास की ताजा रिपोर्ट में हुआ है.
रेट में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी
इस रिपोर्ट के अनुसार, 2024 की आखिरी तिमाही में घरों की कीमत में औसतन 10 फ़ीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली एनसीआर में यह बढ़ोतरी 31% है जो सबसे अधिक है. दूसरे नंबर पर 23% की बढ़ोतरी के साथ बेंगलुरु का स्थान आता है. दिल्ली- एनसीआर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गुरुग्राम के दामों में हुई है. यहाँ के द्वारका एक्सप्रेसवे इलाके में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार को नए पंख लग गए हैं.
द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई रिकॉर्ड 58 फीसदी की वृद्धि
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 की आखिरी तिमाही (अक्टूबर- दिसंबर) में द्वारका एक्सप्रेसवे पर घरों की कीमतों में पिछले साल की तुलना में रिकॉर्ड 58% तक का इजाफा देखने को मिला है. इसका मुख्य कारण यहाँ बेहतर होता इन्फ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो लाइन, सड़कें और हाईवे में सुधार माना जा रहा है. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नजदीकी होने के चलते भी यहाँ घर खरीदना लोगों की पहली पसंद बन चुका है.
