गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम की जनता के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) से कनेक्टिविटी प्रदान करने वाले सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) की मरम्मत का काम 15 मई तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद, आसपास विकसित रिहायशी सोसायटियों और कालोनियों में रहने वाले लोगों की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.
सफर होगा आसान
पिछले लंबे समय से यह सड़क बिल्कुल जर्जर हालत में पहुंच चुकी थी और सड़क पर जगह- जगह गड्ढे होने के चलते वाहन चालकों का यहां से गुजरना दुश्वार हो गया था. पीक आवर्स के दौरान 5 किलोमीटर लंबी इस दूरी को तय करने में करीब 30 से 35 मिनट का समय लग रहा था, लेकिन अब बहुत जल्द लोगों को चकाचक सड़क की सौगात मिलने जा रही है.
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने एक कंपनी को SPR की विशेष मरम्मत का काम सौंपा गया था. करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से यह काम किया जा रहा है. बहुत जल्द इस प्रोजेक्ट पर काम पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद आसपास रहने वाले लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी और द्वारका एक्सप्रेसवे तक उनकी आवाजाही आसान हो जाएगी.
SPR पर एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा
उन्होंने बताया कि सदर्न पेरिफेरल रोड पर एलिवेटेड रोड तैयार किया जाएगा. इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाने का काम एक कंपनी को सौंपा हुआ है. इसके निर्माण पर 750 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
SPR की मरम्मत का काम तेज गति से किया जा रहा है. इसे 15 मई तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके बनने के बाद रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को राहत पहुंचेगी- अरुण धनखड़, चीफ इंजीनियर, GMDA
