गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) इलाके में इन दिनों जबरदस्त बदलाव नजर आ रहे हैं. बड़े कॉरपोरेट घरानों और कंपनियों के ऑफिस खुलने से यह इलाका तेज रफ्तार से विकसित हो रहा है. इस तेज विकास ने SPR को गुरुग्राम के अगले ‘साइबर सिटी’ के रूप में पहचान दिलाई है, जो निवेशकों और नौकरी करने वाले प्रोफेशनल्स, दोनों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है. यही वजह है कि यहां पिछले कुछ सालों में प्रोपर्टी की कीमतें आसमान छू रही है.
दोगुनी से ज्यादा हुई कीमतें
रियल एस्टेट रिसर्च फर्म प्रॉप इक्विटी की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के सर्दन पेरिफेरल रोड पर पिछले पांच साल में प्रोपर्टी के दाम दोगुने से भी ज्यादा हो चुके हैं. साल 2024 में यहां प्रोपर्टी की औसत कीमत 17,300 रूपए प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई है, जबकि 2020 में यह कीमत 7,690 रूपए प्रति वर्ग फुट थी. इस जबरदस्त उछाल ने SPR को रियल एस्टेट में निवेश के लिए गुरुग्राम के सबसे फायदेमंद और स्मार्ट इलाकों में से एक बना दिया है.
सरकारी निवेश से स्पीड पकड़ेगी रफ्तार
प्रॉप इक्विटी की रिपोर्ट में बताया गया है कि सदर्न पेरिफेरल रोड इलाके के लिए हरियाणा सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2025- 26 के बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश के लिए 2 हजार करोड़ रूपए आवंटित किए गए हैं, जिससे इस इलाके का और तेज रफ्तार से विकास हो सकेगा. इस बजट से इलाके का रोड नेटवर्क मजबूत होगा जिससे कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा. मूलभूत सुविधाओं में इजाफा होगा, जिसके चलते SPR की पहचान एक प्रमुख रियल एस्टेट और बिजनेस हब के तौर पर और ज्यादा मजबूत होगी.
कॉर्पोरेट हब और बढ़ती हाउसिंग सप्लाई
सदर्न पेरिफेरल रोड पर स्काईव्यू कॉर्पोरेट पार्क, पायनियर स्क्वायर और बेस्टेक बिजनेस टावर जैसे प्रमुख कमर्शियल प्रोजेक्ट्स हैं. TCS और पेप्सिको समेत कई बड़ी मल्टी नेशनल कंपनियों के ऑफिस भी यहां पर स्थित हैं, जिसमें हजारों की संख्या में कर्मचारी काम करते हैं. 2014- 19 तक इलाके में छह नए प्रोजेक्ट लांच हुए थे. उसके बाद, यहां बीते 5 सालों में 23 नए प्रोजेक्ट्स लांच हुए हैं. वहीं, घरों की सप्लाई भी 6 गुना तक बढ़ गई है.
