गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इस हाइवे पर गुरुग्राम में खेड़कीदौला टोल प्लाजा को शिफ्ट किया जाएगा. इससे लाखो नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी. बता दें कि लंबे समय से इस टोल प्लाजा को हटाने की मांग उठाई जा रही थी.
इन लोगों को नहीं देना पड़ेगा टोल
NH- 48 पर स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा को मानेसर से आगे पंचगांव ले जाने की सरकारी मंजूरी प्रदान कर दी गई है. जब टोल प्लाजा गुरुग्राम से 15 किलोमीटर दूर पंचगांव शिफ्ट हो जाएगा, तो दिल्ली- मानेसर के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा. मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है.
साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि नए स्थान पर कोई भीड़- भाड़ न हो, इसके लिए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल संग्रह प्रणाली लागू करेगा. सूत्रों का कहना है कि इस नई सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने NHAI को 28 एकड़ जमीन ट्रांसफर कर दी है.
टोल प्लाजा के लिए पंचगांव सबसे उपयुक्त जगह
खेड़की दौला टोल प्लाजा को पंचगांव में स्थानांतरित करने और MLFF प्रणाली से टोल संग्रह शुरू करने में लगभग 6 महीने का समय लग सकता हैं. सूत्रों ने बताया कि पंचगांव सबसे सही जगह है, क्योंकि यह गुरुग्राम और मानेसर से आगे पड़ता है. पश्चिमी परिधीय एक्सप्रेसवे और NH- 48 का एक इंटरचेंज पंचगांव में है, इसलिए नया टोल संग्रह बिंदु इस चौराहे से आगे नहीं हो सकता था.
उन्होंने बताया कि MMLF सिस्टम में गाड़ियों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि हर लेन के ऊपर लगे कैमरे गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर पढ़ लेंगे और फास्टैग वॉलेट से अपने आप टोल कट जायेगा. सूत्रों ने बताया कि यह भी तय किया गया है कि एक ऐसा सिस्टम बनाया जाए, जिससे द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ से आने वाला और जयपुर जाने वाले वाहनों को इस टोल प्लाजा पर दोबारा टोल ना देना पड़े.
सूत्रों का कहना है कि यह बिल्कुल मुमकिन है, परंतु एक बार निजी वाहनों के लिए वार्षिक टोल पास की सुविधा शुरू होने पर ज्यादातर परेशानी अपने- आप दूर हो जाएगी.
