गुरुग्राम | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) में पर्यावरण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने लगातार बढ़ते प्रदुषण पर चिंता जताते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन के चलते आज वायु प्रदुषण पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए वन क्षेत्र को बढ़ावा देना बहुत ही ज्यादा जरूरी हो गया है. इसके लिए सरकार द्वारा पंचायती जमीन पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा.
वनों के महत्व को होगा समझना
वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आगामी वन महोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों को वनों के महत्व के बारे में समझाना होगा. उन्हें जागरूक करना होगा कि जो पौधे लगाए जा चुके हैं, उनकी देखभाल भी अवश्य करें, तभी हरित क्षेत्र के अभियान को साकार किया जा सकता है. बच्चों को बताना होगा कि यदि हम अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखना चाहते हैं, तो अधिक- से- अधिक पौधारोपण करना होगा.
उन्होंने बताया कि यमुना व घग्गर नदी के क्षेत्र में भूमि कटाव, जल संरक्षण तथा नदियों के जीर्णोद्धार के लिए साथ लगते गांवों की जमीन पर पिछले एक साल के भीतर 20 लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं. अमृत सरोवर अभियान के तहत सूबे के दो हजार से ज्यादा तालाबों पर पीपल, बड़ व नीम की त्रिवेणी लगाई गई है.
पेड़- पौधों की करें रक्षा
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे वन विभाग की वन मित्र योजना से जुड़े और प्रकृति की सुंदरता बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पेड़- पौधे लगाकर हरित क्षेत्र विकसित करने में अपना योगदान दें. उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा एक अनूठी प्राण वायु देवता पेंशन योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत 75 साल पूरी कर चुके पुराने वृक्षों को 3 हजार रुपए सालाना पेंशन दी जा रही है.
