गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से साईबर सिटी गुरुग्राम (Gurugram) के बीच सफर आसान बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में लोगों को बहुत जल्द एक और नए रूट की सौगात मिलने जा रही है. बता दें कि द्वारका एक्सप्रेसवे को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) एयरपोर्ट से जोड़ने वाली सुरंग अगले महीने के आखिर तक खोल दी जाएगी, जिसके बाद वाहन चालकों को भीड़- भाड़ से दूर यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी.
NH- 48 से घटेगा ट्रैफिक दबाव
इस टनल के शुरू होने पर दिल्ली और गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH- 48 से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. बता दें कि साढ़े 3 किलोमीटर लंबी इस टनल का निर्माण एडवांस इंजीनियरिंग स्टैंडर्ड के तहत किया गया है. इस टनल में CCTV निगरानी और रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए एक वॉर रूम भी बनाया गया है. इसके साथ ही मॉर्डन सिक्योरिटी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है.
टनल के शुरू होने पर गुरुग्राम से वसंत कुंज, द्वारका और अलीपुर जैसे प्रमुख इलाकों के बीच ट्रैफिक संचालन बेहतर और आसान हो जाएगा. लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और घंटों का सफर मिनटों में सिमट कर रह जाएगा.
टनल की खासियतें
दिल्ली- द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनी साढ़े 3 किलोमीटर लंबी और आठ लेन की यह टनल भारत में अपनी तरह की सबसे चौड़ी सुरंग होगी. इसे IGI एयरपोर्ट परिसर के नीचे बनाया गया है और यह अलीपुर में सिंघू बॉर्डर तक सीधा रास्ता उपलब्ध कराएगी. इस टनल का इस्तेमाल करते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर से सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ जैसे शहरों की ओर सफर करना बेहद आसान हो जाएगा.
