फरीदाबाद | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद के सेक्टर- 78 और गुरुग्राम के सेक्टर- 9 में सखी निवास योजना के तहत महिला छात्रावास बनाने की घोषणा की है. कई महिलाएं नौकरी के लिए अपने घरों से दूर रह रही हैं और उन्हें सुरक्षित आवास की जरूरत होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार यह छात्रावास बनाएगी, जिससे महिलाओं की रहने की समस्या का समाधान हो पाएगा.
इस सखी निवास में महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा. हरियाणा महिला विकास निगम इस योजना को क्रियान्वित करने की तैयारी कर रहा है.
कामकाजी महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ किसी भी कामकाजी महिला को मिलेगा. अविवाहित, विवाहित और तलाकशुदा महिलाएं भी यहाँ रह सकती हैं. इसके अलावा, वंचित वर्ग और शारीरिक रूप से अक्षम महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. सखी निवास में रहने के लिए महिलाओं का हरियाणा निवासी होना अनिवार्य होगा और उनके पास हरियाणा का परिवार पहचान पत्र होना जरूरी होगा. यहाँ रहने वाली महिलाएं अपने छोटे बच्चों को भी साथ रख सकेंगी. 12 साल तक के लड़कों और 18 साल तक की लड़कियों के साथ रहने की अनुमति दी जाएगी.
आवेदन और पात्रता की शर्तें
महानगरों में रहने वाली महिलाओं की मासिक आय ₹50,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि अन्य स्थानों के लिए आय सीमा ₹35,000 प्रति माह रखी गई है. यदि किसी महिला की आय इस सीमा से अधिक हो जाती है, तो उसे तीन महीने के भीतर छात्रावास खाली करना होगा. आवेदन के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट और वेतन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा. यह महिला छात्रावास ₹65.30 करोड़ की लागत से बनेगा और 200 महिलाओं के रहने की क्षमता होगी. इसे लगभग 1 एकड़ भूमि में बनाया जाएगा.
