गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR के प्रमुख शहरों गुरुग्राम व फरीदाबाद से जयपुर आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राजस्थान में बांदीकुई- जयपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. अगले महीने इसे ट्रायल के तौर पर वाहनों के लिए खोला जाएगा. सफल ट्रायल के बाद केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी किसी भी दिन इसका उद्घाटन कर सकते हैं.
67 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे हुआ तैयार
पिंक सिटी जयपुर को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए राजस्थान के दौसा इलाके में बांदीकुई से जयपुर तक 67 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेसवे तैयार किया गया है. फोरलेन का यह पूरी तरह से एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे बनाया गया है. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से साईबर सिटी गुरुग्राम से पिंक सिटी जयपुर की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी. महज ढाई घंटे में जयपुर पहुंचा जा सकेगा.
इस एक्सप्रेसवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से वाहन दौड़ सकेंगे. इस हिसाब में लगभग 30 मिनट में बांदीकुई से जयपुर की दूरी तय की जा सकेगी. पहले 1 घंटे का समय लगता था. दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए इस एक्सप्रेसवे को कनेक्ट किए जाने पर गुरुग्राम से बांदीकुई का सफर मात्र 2 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
कनेक्टिविटी में दिखेगा जबरदस्त सुधार
बांदीकुई से जयपुर तक नया फोरलेन एक्सप्रेसवे बनने के बाद दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे दो बेहतर रूट हो गए हैं. इसके चलते अब वाहन चालक जयपुर जाने के लिए दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को तवज्जो दे रहे हैं. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के एक अधिकारी ने बताया कि बांदीकुई- जयपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो चुका है. इस एक्सप्रेसवे पर जल्द ही लोडिंग प्रकिया शुरू की जाएगी और फिर केंद्रीय सड़क मंत्रालय से समय लेकर इसका उद्घाटन करवाया जायेगा. इस एक्सप्रेसवे की बदौलत जयपुर की दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर हो जाएगी.
