भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (Haryana School) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट में बदलाव किया है. खासतौर पर शनिवार को होने वाली 10वीं कक्षा की परीक्षाओं की तिथियां बदली गई हैं, जबकि 12वीं कक्षा के भी दो विषयों की परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है.
इन परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव
बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को होने वाली 10वीं की हिंदी परीक्षा अब 7 मार्च को होगी. इसी प्रकार 5 मार्च को होने वाली सोशल साइंस की परीक्षा 17 मार्च को आयोजित की जाएगी. वहीं, 7 मार्च को होने वाली गणित की परीक्षा अब 28 फरवरी को होगी. म्यूजिक, डांस और फिजिकल एजुकेशन सहित अन्य अतिरिक्त विषयों की परीक्षा 17 मार्च की अपेक्षा 5 मार्च को करवाई जाएगी.
नया शेड्यूल
15 मार्च को होने वाली 12वीं कक्षा की पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा 12 मार्च को होगी. इसी दिन पहले सोशियोलॉजी का पेपर होना था, लेकिन अब उस दिन गणित की परीक्षा होगी. सोशियोलॉजी की परीक्षा को आगे बढ़ाकर 18 मार्च कर दिया गया है. 15 मार्च को अब पॉलिटिकल साइंस की जगह केमिस्ट्री, अकाउंटेंसी और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.
बोर्ड परीक्षा से संबंधित जायदा जानकारी के लिए विद्यार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं. सभी परीक्षाएं एक ही सत्र में दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी.
3 फरवरी से शुरू होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
बोर्ड द्वारा सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 3 से 18 फरवरी तक सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएंगी. सीनियर सेकेंडरी की भौतिकी, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षाएं बाहरी परीक्षकों की निगरानी में होंगी, जबकि अन्य विषयों की परीक्षाएं संबंधित स्कूलों के ही अध्यापक लेंगे.
