भिवानी | हाल ही में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा 10वीं की परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर करवाया गया, लेकिन 10वीं की गणित की परीक्षा में कुछ प्रश्न ऐसे आए जिन पर सवालिया निशान खड़े हो गए. बोर्ड द्वारा 28 फरवरी 2025 को गणित विषय की परीक्षा का आयोजन करवाया गया था, जिसके बाद अभ्यर्थियों और शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न लोगों ने पेपर में आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न आने का दावा किया था. इस पर शिक्षा बोर्ड ने अब संज्ञान लेते हुए कहा है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा.
मिल सकते हैं ग्रेस मार्क्स
अब इस बयान से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बोर्ड ऐसे विद्यार्थियों को गणित के सब्जेक्ट में ग्रेस मार्क्स दे सकता है. इससे पहले विद्यार्थियों ने बोर्ड को प्रार्थना पत्र देकर पेपर पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया था, जिसके बाद बोर्ड द्वारा सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स की मीटिंग बुलाई गई थी. साथ ही, पेपर स्टडी करने की बात कही गई थी. ऐसे में विद्यार्थियों के हित में निर्णय लिया जा सकता है.
बोर्ड के अध्यक्ष ने दी यह जानकारी
इस विषय में जानकारी देते हुए बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों का मानना था कि 10वीं कक्षा के गणित की पेपर के कारण उनके रिजल्ट पर प्रभाव पड़ेगा. उनके द्वारा बोर्ड को एक प्रार्थना पत्र भी भेजा गया था, अब इस पर संज्ञान लेते हुए सब्जेक्ट एक्सपर्ट की बैठक बुलाकर उनसे सलाह मशवरा लिया गया है. इसके अनुसार, अब बोर्ड ने विद्यार्थियों के हित में फैसला लेने का निर्णय लिया है.
रिजल्ट के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अभी 10 से 15 दिन और लगेंगे. इसके बाद, परिणाम घोषित कर दिया जाएगा. इसके लिए अवार्ड लिस्ट मंगवाई जा चुकी है. रिजल्ट के लिए तेजी से काम शुरू किया जा चुका है.
