हरियाणा बोर्ड ने घोषित किया कक्षा 10वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम, इस जिले ने किया टॉप

भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी (HBSE) द्वारा कक्षा 12वीं के बाद आज कक्षा 10वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. बोर्ड अध्यक्ष पवन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक परीक्षा परिणाम में रेवाड़ी जिला पहले नंबर पर रहा है, जबकि चरखी दादरी दूसरे और महेन्द्रगढ़ जिले ने तीसरा स्थान हासिल किया. सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 89.30 और प्राइवेट स्कूलों का 96.28% रहा. कुल मिलाकर 92.49% बच्चे पास हुए हैं.

Result

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

  • अपने स्कूल में जाकर.
  • भिवानी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर देख सकते हैं.
  • रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, मां का नाम और आधार कार्ड नंबर की जरूरत होगी.

रिजल्ट चेक करने का डायरेक्ट लिंक – क्लिक करें

लड़कियों ने मारी बाजी

बोर्ड अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि कक्षा दसवीं की वार्षिक परीक्षा में कुल 2,71,449 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2,51,110 बच्चे पास हुए हैं. 5,737 परीक्षार्थियों का रिजल्ट एसेंशियल रिपीट (ER) रहा है. यानि ऐसे बच्चों को फिर से परीक्षा देनी होगी. वहीं, लड़कियों का पास प्रतिशत 94.06% और लड़कों का 91.07% रहा है. यानि लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों के मुकाबले लगभग 3% ज्यादा रहा है.

4 बच्चों ने हासिल किया पहला स्थान

कक्षा 10वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में गजब का संयोग देखने को मिला है. यहां 4 बच्चों ने एक साथ पहले नंबर पर कब्जा जमाया है. इनमें हिसार से रोहित, अंबाला की माही, झज्जर की रोमा और झज्जर की ही तान्या शामिल हैं. इन सभी छात्रों ने 497 अंक लेकर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है.

यह भी पढ़े -  शहरी निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी हरियाणा कांग्रेस, रेवाड़ी व धारूहेड़ा में घोषित किए उम्मीदवार

हिसार से रोहित Oxford Public Sinior Secondary School, मतलोडा का छात्र है. अंबाला से माही न्यू सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नगला राजपुतान की छात्रा है. वहीं, झज्जर की रोमा और तान्या CR सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माजरा दूबलधन की छात्रा है.

दूसरे नंबर पर 6 बच्चे हैं, जिनमें पानीपत का अक्षित सहरावत, कैथल का योगेश, पानीपत की रिंकू, रोहतक की दिव्यांशी और दीक्षा और हिसार की सुनैना शामिल हैं. इन्होंने 500 में से 496 नंबर हासिल किए हैं. तीसरे नंबर पर जींद की निधि, रोहतक की मानसी, चरखी दादरी की रमा व अक्षिता, हिसार की गर्विता व खुशबू, रेवाड़ी की खुशी, भिवानी की मेघा, करनाल की जीना चौहान और झज्जर की ईशू शामिल हैं. इन्हें 500 में से 495 नंबर मिले हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.