भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग बोर्ड (HBSE) द्वारा वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन आज से शुरू किया जा रहा है. इसके लिए प्रदेश भर में कुल 1,431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 10वीं और 12वीं कक्षा के रेगुलर और डिस्टेंस के कुल मिलाकर 5,16,787 विद्यार्थी परीक्षा देने वाले हैं. दोपहर 12:30 से 3:30 तक आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में 2,72,421 लड़के और 2,44,366 लड़कियां शामिल होंगे. आज 27 फरवरी को 12वीं और कल 28 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी.
219 उड़नदस्तों का किया गया गठन
बोर्ड ने परीक्षाओं को नकल रहित बनाने के लिए 219 उड़नदस्तों का गठन किया है. ज्यादातर परीक्षा केंद्र सीसीटीवी से लैस होंगे. पेपर लीक होने से बचने के लिए बोर्ड ने अबकी बार क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर इस्तेमाल किए हैं. बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा ने जानकारी दी कि सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/ मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं के लिए सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंटआउट A4 साइज पेपर पर लाना जरूरी होगा.
लागू की गई धारा- 163
नकल को रोकने के लिए बोर्ड द्वारा औचक निरीक्षण के लिए उड़नदस्तों का गठन कर दिया गया है. इसके अलावा बोर्ड अध्यक्ष और बोर्ड सचिव के फ्लाइंग स्क्वॉड के अलावा 22 जिला प्रश्न पत्र उड़नदस्ते, 70 उप- मंडल प्रश्र पन्न उड़नदस्ते, 21 रैपिड एक्शन फोर्स, 8 STF और 2 नियंत्रण कक्ष उड़नदस्ते गठित किए गए हैं. अतिरिक्त उप- मंडल अधिकारी के 70 उड़नदस्ते, जिला शिक्षा अधिकारी के 22 उड़नदस्ते एवं उप- सचिव (संचालन) व सहायक सचिव (संचालन) के उड़नदस्ते भी बनाए गए हैं.
परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा- 163 लागू कर दी गई है. जहां- जहां परीक्षा केंद्र होंगे, वहाँ के आसपास की फोटो स्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे.
यह फीचर्स भी किए इस्तेमाल
अबकी बार प्रश्न पत्रों पर अल्फान्यूमैरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर्स भी इस्तेमाल किए गए हैं. कोई भी विद्यार्थी या स्टाफ प्रश्न पत्र को लीक करता हुआ पाया जाता है, तो तुरंत इसकी जानकारी बोर्ड को मिल जाएगी. परीक्षा केंद्र से अगर कोई पेपर आउट करता मिलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
