भिवानी | हरियाणा में विद्यार्थियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने विशेष अंक सुधार परीक्षा 21 जनवरी को आयोजित करने का फैसला किया है. यह परीक्षा उन परीक्षार्थियों के लिए है जो पहले 12वीं की परीक्षा दे चुके है और अपने 12वीं के अंकों में सुधार करना चाहते है. परीक्षाओं के लिए तारीख- पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर अपलोड कर दिया गया है.
हरियाणा बोर्ड परीक्षा
यह परीक्षा 6 जनवरी को संचालित की जानी थी, लेकिन किसी कारणवश परीक्षा की तारीख आगे बढ़ा दी गई. अब यह विशेष अंक सुधार परीक्षा 21 जनवरी से शुरू होगी और 31 जनवरी तक संचालित की जाएगी. परीक्षाओं के लिए समय 3 घंटे का रहेगा. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. प्रदेशभर में लगभग 2600 परीक्षार्थियों ने विशेष अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन किया है. यह परीक्षा राज्य में 6 केंद्रो में होगी. इसके 2 केंद्र हिसार में होंगे और 1- 1 केंद्र गुरुग्राम, रोहतक, करनाल, भिवानी में बनाए जाएंगे.
अंक सुधार का अच्छा मौका
HBSE ने मार्च 1990 से मार्च 2024 तक 12वीं पास कर चुके परीक्षार्थियों को अंक सुधार का यह विशेष अवसर प्रदान किया है. इसके जरिए उन्हें 2 विषयों में अंक सुधार का मौका दिया जा रहा है. इससे उनको अच्छा अवसर मिलेगा जिसकी पढ़ाई बीच में किसी कारणवश छूट गई थी. अब वो अंकों में सुधार करके आगे की पढ़ाई कर सकते है. इससे उन्हें रोजगार के भी अच्छे अवसर मिलेंगे.
