भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा HTET का आयोजन अब 30 और 31 जुलाई को किया जाएगा. पहले यह परीक्षा 26 और 27 जुलाई को होनी थी, लेकिन उसी तारीख को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा CET परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसी कारण परीक्षा की नई तिथियां घोषित की गई हैं. यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न 673 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
इस बार कुल 4,05,377 अभ्यर्थी HTET परीक्षा में हिस्सा लेंगे. सबसे अधिक 42,783 परीक्षार्थी गुरुग्राम जिले से हैं, जबकि सबसे कम 7,085 परीक्षार्थी नूंह जिले से हैं. गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 143 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि नारनौल में कई स्तरों पर एक भी केंद्र नहीं है.
HTET परीक्षा का स्तरवार विवरण जारी
- लेवल- 1 (PRT) परीक्षा में 82,917 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें गुरुग्राम से 10,334 और पंचकूला से 1,483 परीक्षार्थी हैं.
- लेवल- 2 (TGT) में 2,01,517 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें गुरुग्राम से 20,122 और नूंह से 3,207 छात्र हैं.
- लेवल- 3 (PGT) परीक्षा में 1,20,943 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे, जिनमें गुरुग्राम से 12,327 और नूंह से 1,395 परीक्षार्थी शामिल हैं.
बात करें अगर केंद्रों की तो लेवल- 1 के लिए 280 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं, जिनमें गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 34 और नारनौल में एक भी नहीं है. लेवल- 2 के लिए 673 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें गुरुग्राम में 69 और नारनौल में 10 केंद्र हैं. लेवल- 3 के लिए 399 सेंटर हैं, जिनमें गुरुग्राम में 40 और नारनौल में कोई भी नहीं है.
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन 30 व 31 जुलाई, 2025 को करवाया जाएगा।
इनमें 30 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) एवं 31 जुलाई को लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।
इस परीक्षा में प्रदेशभर के 673…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) July 11, 2025
सभी केंद्रों पर धारा 144 लागू
HBSE के अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि परीक्षा के दिन सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. इस दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन और अंगूठे के निशान लिए जाएंगे. बोर्ड मुख्यालय, भिवानी में एक हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी. इसके अतिरिक्त, सभी केंद्रों के बाहर धारा 144 लागू रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी.
