हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां के लोगों को एक और लंबी दूरी की ट्रेन की सौगात मिली है. बता दें कि उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेन नंबर 20957/ 58, इंदौर- नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का हिसार तक विस्तार कर दिया है. इससे हिसार सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को अब इंदौर जाने के लिए दिल्ली तक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके साथ ही दिल्ली के लिए एक और अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 20957, इंदौर- नई दिल्ली अब 11 मार्च से हिसार रेलवे स्टेशन तक सफर करेगी. यह ट्रेन प्रत्येक सप्ताह बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 04.45 बजे इंदौर से रवाना होकर रात 10.10 बजे कोटा और अगले दिन सुबह 04.35 बजे नई दिल्ली जंक्शन पर पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन, शकूर बस्ती, रोहतक, महम और हांसी होते हुए सुबह करीब 09.20 बजे हिसार पहुंचेगी.
इसी तरह ट्रेन नंबर 20958, नई दिल्ली- इंदौर 12 मार्च से हिसार रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, वीरवार और शनिवार को दोपहर 01.20 बजे हिसार स्टेशन से इंदौर के लिए रवाना होगी. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन के विस्तार से हिसार, हांसी, महम और रोहतक के यात्रियों को मध्यप्रदेश तक सीधी सुपरफास्ट ट्रेन कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.
MP तक मिलेगी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी
कोटा के लिए एक और सीधी ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. हरियाणा के यात्रियों को दिल्ली, मथुरा, कोटा और इंदौर के लिए नई ट्रेन की सौगात मिलेगी. उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था रेलवे बोर्ड के आदेशों तथा NWR- WR के आधिकारिक सीओआईएस संदेशों के आधार पर लागू की गई है.
