हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने ट्रेन नंबर 54085/ 86, दिल्ली- रेवाड़ी- दिल्ली का हिसार के सातरोड़ रेलवे स्टेशन तक विस्तार कर दिया है. इस ट्रेन सेवा का रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी व हिसार जिले के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा. वहीं, हिसार जिले के लोगों को गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. इसके अलावा, दिल्ली जाने के लिए एक और अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 54085, दिल्ली- सातरोड ट्रेन दिल्ली से सुबह 07.10 बजे रवाना होकर 09.40 बजे रेवाड़ी और दोपहर सवा 1 बजे सातरोड (हिसार) पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 54086, सातरोड- दिल्ली ट्रेन सातरोड रेलवे स्टेशन से दोपहर 02.10 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 5 बजे रेवाड़ी और रात 09.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी. 18 मई यानि कल से इस रेलसेवा की शुरुआत हो रही है. सातरोड रेलवे स्टेशन पर हिसार विधानसभा सीट से विधायिका सावित्री जिंदल इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दिल्ली सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, दिल्ली कैंट, पालम, शाहबाद मोहम्मदपुर हाल्ट, बिजवासन, गुरुग्राम, बसई धनकोट, गढी हरसरू, पातली, ताज नगर, जटौला जोडी सांपका, पटौदी रोड, इंच्छापुरी, खलीलपुर, कुम्भावास मुंढलिया डाबरी हाल्ट, रेवाड़ी, जाटूसाना, कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानी खेड़ा एवं हांसी स्टेशनों पर ठहराव करेगी. स्पेशल रेलसेवा में 7 साधारण श्रेणी/शयनयान व 2 गार्ड श्रेणी के डिब्बे होगे.
