हिसार | दिल्ली- राजस्थान सफर रेलयात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि हिसार- सादुलपुर रेलखंड पर स्थित हिसार- चिड़ौद स्टेशनों के मध्य समपार फाटक नंबर- 15A पर प्रस्तावित रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य को फिलहाल आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है. इस कार्य के चलते जो ब्लॉक लिया गया था, वो वापस ले लिया गया है. अब इस रूट पर पहले से रद्द और रूट डायवर्ट की गई कई ट्रेनें पुनः अपने निर्धारित रूट और टाइम- टेबल के अनुसार संचालित होगी. इस फैसले से यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
निर्धारित शेड्यूल पर चलेंगी यह ट्रेनें
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 14897, बीकानेर- हिसार एक्सप्रेस ट्रेन 23 दिसंबर को बीकानेर से अपने निर्धारित रूट और टाइम- टेबल के अनुसार ही चलेगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 14898, हिसार- बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन 24 दिसंबर को हिसार से नियमित रूप से संचालित होगी.
ट्रेन नंबर 14891, जोधपुर- हिसार एक्सप्रेस ट्रेन 23 दिसंबर को जोधपुर से और ट्रेन नंबर 14892, हिसार- जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन 24 दिसंबर को हिसार से अपने पूर्व निर्धारित रूट व टाइमिंग के हिसाब से संचालित होगी. इन ट्रेनों के पुनः संचालन से बीकानेर, जोधपुर, हिसार और आसपास के इलाकों से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
दिल्ली जाने वालों को राहत
रूट डायवर्ट की गई ट्रेनों को भी बहाल कर यात्रियों को राहत पहुंचाने का काम किया गया है. ट्रेन नंबर 54310, हिसार- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन 24 दिसंबर को हिसार से अपने निर्धारित रूट और टाइम- टेबल के अनुसार संचालित होगी. हिसार से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को इस ट्रेन के पुनः संचालन का फायदा पहुंचेगा.
