हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां मंडी आदमपुर व सिवानी क्षेत्र के लोगों को 2 लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात मिली है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने उपरोक्त दोनों स्टेशनों पर दो लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है.
बड़ी खुशखबरी लाया नया साल
मंडी आदमपुर व सिवानी क्षेत्र के लोगों को नए साल से पहले ही बड़ी खुशखबरी मिली है. भारतीय रेलवे ने ट्रेन नंबर 12555/ 56, गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन के मंडी आदमपुर में ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है. ट्रेन नंबर 14717/ 18, बीकानेर- हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन सिवानी रेलवे स्टेशन पर ठहराव करेगी. लंबी दूरी की इन ट्रेनों के ठहराव का इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा क्योंकि कई बड़े शहरों के बीच यात्रा करना उनके लिए आसान हो जाएगा.
पिछले काफी सालों से आदमपुर व सिवानी क्षेत्र की जनता व कई संगठनों सहित रेल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से भी इन ट्रेनों के आदमपुर व सिवानी मंडी में ठहराव की मांग उठाई जा रही थी जो अब जाकर पूरी हो गई है.
इन ट्रेनों के ठहराव से आदमपुर मंडी सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा और उन्हें हिसार रेलवे स्टेशन तक भाग-दौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बीकानेर- हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का सिवानी मंडी स्टेशन पर ठहराव से यहां के लोगों को धर्मनगरी हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी. साथ ही, दूसरी साइड राजस्थान के कई प्रमुख शहरों के लिए यात्रा करना आसान हो जाएगा.
बीकानेर- हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 14717/ 18 बीकानेर- हरिद्वार एक्सप्रेस सप्ताह में 3 दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होती है और रात में बीकानेर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर में हरिद्वार स्टेशन पर पहुंचती है. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में हिसार, भिवानी, पानीपत और अंबाला सहित कई बड़े स्टेशनों पर ठहराव करती है.
