झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां ग्रामीणों को अब बस का इंतजार करने के लिए खुले आसमान के नीचे नहीं खड़ा होना पड़ेगा. बता दें कि जिला परिषद ने एक सराहनीय पहल करते हुए 53 लाख रुपए की धनराशि खर्च कर जिले के 20 गांवों में आधुनिक बस क्यू शेल्टर्स का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है जिसके बाद अब बस का इंतजार करने वालों को गर्मी- सर्दी और बारिश से बचाव हो सकेगा.
मौसम की मार से मिलेगा छुटकारा
जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. इसी कड़ी में यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 गांवों में बस क्यू शेल्टर्स बनाए गए हैं. प्रत्येक बस क्यू शेल्टर के निर्माण पर 2.65 लाख रुपए की धनराशि खर्च हुई है.
उन्होंने बताया कि पहले बस क्यू शेल्टर की सुविधा नहीं होने के चलते बुजुर्गो, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सड़क किनारे खड़े होकर मौसम की मार झेलनी पड़ती थी लेकिन अब उन्हें गर्मी- सर्दी व बारिश से राहत मिलेगी. यात्रियों के लिए एक निश्चित प्रतीक्षा स्थल की सुविधा उपलब्ध हो गई है. जहां यात्री आराम से बैठ कर वाहन का इंतजार कर सकेंगे.
इन गांवों को मिली सौगात
जिला परिषद की ओर से जिन 20 गांवों में बस क्यू शेल्टर्स बनाए गए हैं उनमें देवरखाना, कोयलपुर, सासरोली, सिलानी , वजीरपुर, जसौरखेड़ी, लोहारहेड़ी, छुछकवास, मारोत , दहकौरा, निलोठी, आसोदा, रोहद, बरानी, लगरपुर, खेड़ीजट्ट, दरियापुर, जरदकपुर, मुंडाखेड़ा और दादनपुर शामिल हैं. इन गांवों में यह सुविधा उपलब्ध होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब सार्वजनिक परिवहन के इंतजार के लिए गर्मी, सर्दी या बारिश में सड़क किनारे खड़े होने से छुटकारा मिलेगा.
