झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बहादुरगढ़ में उत्तरी बाईपास का निर्माण कार्य अब रफ्तार पकड़ेगा. इसके लिए प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना को मंजूरी मिल गई है जिसके तहत यहां नाहरा- नाहरी रोड से आसौदा तक दोनों तरफ 9 मीटर की करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. इसपर 61 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
बहादुरगढ़ के लोगों को मिलेगी राहत
यह सड़क मार्ग उत्तरी बाईपास के रूप में विकसित होगा जिससे बहादुरगढ़ शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. फिलहाल इस्कॉन मंदिर के पास ड्रेन में बॉक्स डालने का काम चल रहा है. इसका उद्देश्य जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान करना है.
बहादुरगढ़ शहर की भीड़-भाड़ से मिलेगा छुटकारा
शहर में उत्तरी बाईपास निर्माण परियोजना की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी और इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. इस सड़क मार्ग के निर्माण से नाहरा-नाहरी रोड, आसौदा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आवागमन करने वाले लोगों को शहर के भीतर प्रवेश करने से छुटकारा मिलेगा जिससे उनका सफर आरामदायक हो जाएगा. लाइनपार के विकास नगर के लोगों ने कहा कि उत्तरी बाईपास निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और औद्योगिक व व्यवसायिक गतिविधियां रफ्तार पकड़ेगी.
बहादुरगढ़ में वेस्ट जुआं ड्रेन के दोनों ओर बनने वाली 9-9 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण के लिए हाई पावर पर्चेज कमेटी ने टेंडर को मंजूरी दे दी है. 61 करोड़ रुपये के एस्टीमेट वाले इस प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में आसौदा से नाहरा- नाहरी रोड तक की सड़क का निर्माण किया जाएगा जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. अगले महीने टेंडर अलॉट किया जाएगा और मार्च में धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा- अनिल रोहिल्ला, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बहादुरगढ़
