झज्जर की बेटी मिनी और निशु ने किया कमाल, भारतीय सेना में बनी लेफ्टिनेंट; परिवार में छाई खुशियां

झज्जर | खेल मैदान ही नहीं बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी हरियाणा की बेटियां अपनी मेहनत और कड़े परिश्रम की बदौलत सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है. इसी कड़ी में झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ की बेटी मिनी सहरावत और गांव उखलचना कोट की निशु फसलवाल ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट भर्ती होकर परिवार के गौरव को बढ़ा दिया है. उनकी इस उपलब्धि पर न केवल परिजनों बल्कि गांव और जिले का भी नाम रोशन हुआ है.

Leftinent

जम्मू मिलिट्री अस्पताल में पहली पोस्टिंग

भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित हुई गांव बिरोहड़ निवासी मिनी सहरावत ने 4 साल पहले ऑल इंडिया रैंक-1 से लिखित परीक्षा पास की थी और कड़े परिश्रम की बदौलत दिल्ली परेड ग्राउंड में बेस्ट कैडेट का अवार्ड हासिल किया. उनकी पहली पोस्टिंग जम्मू मिलिट्री अस्पताल में हुई है.

उन्होंने बताया कि सच्ची लगन और मेहनत की बदौलत इंसान हर मुश्किल को आसान बना देता है. अपनी सफलता का श्रेय अपने माता- पिता को देते हुए मिनी सहरावत ने कहा कि हर कदम पर उनके सहयोग से नई उर्जा मिलती चली गई और इस उपलब्धि को हासिल कर दिखाया.

तीसरी पीढ़ी करेगी देशसेवा

गांव उखलचना कोट की निशु अपने परिवार से तीसरी पीढ़ी होगी, जो भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा करेगी. उन्होंने आर्मी के सबसे बड़े अस्पताल आर एंड आर दिल्ली कैंट से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद लेफ्टिनेंट के पद के लिए शपथ ली है. उन्होंने अपनी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी से की थी.

उनके पिता सूबेदार विनोद कुमार ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं बल्कि गांव और जिले को देश के मानचित्र पर नई पहचान मिली है. यह हम सभी के लिए गौरव की बात है. हमारे परिवार से लगातार तीसरी पीढ़ी सेना में भर्ती हुई है. उनकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से सफलता हासिल करना बेहद आसान हो जाता है.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.