झज्जर | हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा मीडिया के सामने नजर आए. झज्जर पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा ने चुनावी परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनावी नतीजे अप्रत्याशित है. हम नतीजों का विश्लेषण कर रहे हैं और चुनाव आयोग को भी इसकी शिकायत दी गई है. जवाब का इंतजार है.
चुनावी नतीजों पर बोले हुड्डा
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने चुनाव नतीजों को लेकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर सांसद ने कहा कि करीब 20 विधानसभा क्षेत्रों से EVM को लेकर बातें सामने आ रही हैं, जिन्हें लेकर हमने चुनाव आयोग के सामने पक्ष रखा है. BJP के छल- कपट के बावजूद भी कांग्रेस ने भाजपा के बराबर मत प्रतिशत प्राप्त किया है.
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रजातंत्र में हमारी जो भूमिका रहेगी उसे अच्छे से निभाएंगे, जनता ने हमारे लिए जो तय किया है, उसे पूरा किया जाएगा. साथ ही, हरियाणा प्रदेश के लोगों की आवाज उठाने का काम करेंगे. सांसद ने कहा कि पोस्टल बैलेट में 76 में हम आगे चल रहे थे, सर्वे और विश्लेषण में भी आगे थे और धरातल पर भी स्थिति अच्छी थी लेकिन आखिर में जो चुनावी परिणाम सामने आए हैं, वो बिल्कुल उम्मीद से परे है.
